जम्मू-कश्मीर में विधानसभा का चुनावी दंगल अब जोर पकड़ रहा है। मतदाताओं के बीच जाकर कई प्रत्याशी अपनी भावनाओं को रोक नहीं पा रहे। कई जगह नेता लोगों से बात करते-करते रोते नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर पार्टी का साथ देने की बात कहने वाले कई नेता पार्टी की सभाओं से गायब हैं।
जानकारी के अनुसार, अभी दो दिन पहले जम्मू वेस्ट विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी युद्धवीर सेठी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते भावुक हो उठे। अपनी मां का हवाला देकर कहने लगे कि वह पूछती थीं कि तुम भी एक दिन एमएलए बनोगे। यह कहकर सेठी फूट फूट कर रोने लगे।
मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें पानी पिलाकर चुप कराया। ऐसे ही नौशेरा में कांग्रेस-नेशनल कॉन्फ्रेंस गठबंधन के उम्मीदवार सुरेंद्र चौधरी भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए रोने लगे। अपने एक करीबी और रिश्तेदार के वहां मौजूद होने का जिक्र करते हुए चौधरी भावुक हो गए।
कांग्रेस में भी प्रत्याशियों को लेकर कलह
वहीं, कठुआ के जसरोटा में राजनीतिक नेता बृजेश्वर सिंह सिंधु भी एक जनसभा के दौरान भावुक हो उठे। बता दें कि कांग्रेस की तरफ से जम्मू में अधिकतर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के अनुसार, सुचेतगढ़, आरएस पुरा, जम्मू, बाहु समेत अन्य विधानसभा सीटों पर पार्टी के तीन से चार दावेदार टिकट के लिए दबाव बन्द्र रहे हैं। नेता अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को लुभाने में लगे हैं। अलग- अलग खेमे बनाकर प्रचार कर रहे हैं।