फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: वोटर्स मीट... खाली कुर्सियों से शुरू, खचाखच भरे लान में हंगामे के साथ खत्म

विज्ञापन
विज्ञापन
उम्मीदवारों ने वकीलों के बीच पेश की दावेदारी, सवाल होते ही मचा हंगामा और आधा घंटा पहले ही करनी पड़ी खत्म
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कहीं लाल और कहीं सफेद रंग के कवर वाली खाली कुर्सियां। हाईकोर्ट और जिला कोर्ट के मध्य स्थापित लाॅन, जहां हाथ में माइक लिए बोलते वरिष्ठ अधिवक्ता एचसी जलमेरिया। मौका वोटर्स मीट का...। जो शुरू तो खाली कुर्सियों से हुई, लेकिन खत्म खचाखच भीड़ में हंगामे के साथ हुई।
वोटर्स मीट में तमाम उम्मीदवारों ने वोटरों के बीच दावेदारी पेश की। जब बात वोटरों की उम्मीदवारों से सवालों की आई तो हंगामा हो गया। इसलिए वोटर मीट को आधे घंटे पहले ही खत्म करना पड़ा। इससे पहले वोटर मीट में प्रधान, उपप्रधान, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के सभी 18 उम्मीदवारों ने अपना मेनिफेस्टो पेश किया।
विज्ञापन

कोषाध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवारों को तीन-तीन मिनट, महासचिव और उप प्रधान पद के उम्मीदवारों को छह-छह और प्रधान पद उम्मीदवारों को आठ-आठ मिनट का वक्त दिया गया। हालांकि, कई उम्मीदवारों ने तय समय से पहले ही अपनी बात पूरी की। दोपहर 12 बजे शुरू हुई वोटर मीट शाम 3 बजे खत्म हुई।


ये हैं उम्मीदवारों के दावे और वादे
हाईकोर्ट में रजिस्ट्री को वापस लाया जाएगा, हाईकोर्ट के जानीपुर से रैका शिफ्ट नहीं होने देना, डिस्पेंसरी बनाने, बहुमंजिला इमारत का निर्माण, महिलाओं के लिए क्रेच, पार्किंग, कैंटीनों, महिला बार रूम में सुविधाएं विकसित करने, ई-लाइब्रेरी, वकीलों के लिए चैंबर, युवा अधिवक्ताओं को स्टीपेंड देने जैसे मुद्दों को वोटरों के बीच रखकर समर्थन की अपील की। इससे पहले उम्मीदवारों ने वकीलों से वादे कर वोट मांगे। बीच-बीच में एक-दूसरे पर हमले करते भी नजर आए।


पहले कसे तंज, फिर दिल-दिमाग में बातों को न रखने की अपील
तकरीर के दौरान कई उम्मीदवारों ने एक-दूसरे पर भी निशाना साधा। प्रधान पद के उम्मीदवार अभिनव शर्मा ने कुछ साथी उम्मीदवारों का नाम लिए बिना उनका वोटर मीट कराने के हक में न होने को लेकर तंज कसा। वहीं, एडवोकेट निर्मल कोतवाल ने हाईकोर्ट से रजिस्ट्ररी शिफ्ट करने को लेकर अभिनव शर्मा पर तंज कसा। इस पर अभिनव शर्मा ने संयोजकों से कोतवाल के आरोपों का प्रमाण देने की मांग की। हालांकि, कोतवाल ने अपनी बात खत्म करने के बाद अभिनव शर्मा से कहा कि उनकी किसी बात को दिमाग में न रखें।


जवाबी प्रक्रिया पर नहीं बनी सहमति
उम्मीदवारों की तकरीरें खत्म होने के बाद जब वोटर मीट के संयोजक एचसी जलमेरिया ने कहा कि आधे घंटे के लिए एक सवाल जवाब सत्र होगा। वोटर अपना-अपना सवाल लिखकर दें। कई वोटरों ने अपने सवाल लिखकर दिए। जलमेरिया चाहते थे कि सबके सवाल आ जाएं, जिसके बाद उम्मीदवार दो-दो मिनट में इसका जवाब दें। लेकिन, वोटर चाहते थे कि हर एक सवाल का एक-एक कर जवाब दिया जाए। इसे लेकर शोर मचने लगा। इस बीच जब पहले ही सवाल का प्रधान पद के उम्मीदवार अभिनव शर्मा जवाब देने लगे तो कुछ उम्मीदवार और उनके समर्थक बीच में टोकने लगे। इस पर अभिनव शर्मा ने बोलना बंद कर दिया। इसके बाद सवाल-जवाब की प्रक्रिया पर कोई सहमति नहीं बनी और इसे खत्म कर दिया गया।


मजोत्रा और बलदेव की बेबाक तकरीर पर लगे ठहाके
वोटर मीट में तमाम उम्मीदवारों ने तकरीरें दीं। महासचिव पद के उम्मीदवार प्रदीप मजोत्रा ने तकरीर के लिए आते ही पिकनिक का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग वकीलों के लिए पिकनिक आयोजित करने को लेकर मुझ पर आरोप लगा रहे हैं। लेकिन मैं जानता हूं कि इसके लिए मेरा कीमती वक्त व लाखों रुपये खर्च हुए। अब भी पैसे लेने वाले पूछते हैं। मजोत्रा की इस बात पर खूब ठहाके लगे। वहीं, उप प्रधान पद के उम्मीदवार बलदेव सिंह ने जब डोगरी में कहा कि दिखनां किंया नीं उंदे काम्म पर जमकर तालियां और ठहाके लगे।



बार का चुनाव का कल, उम्मीदवारों ने झोंकी ताकत
हाईकोर्ट में प्रवेश करते ही उम्मीदवारों के नामों और पद की जानकारी वाली लगाई होर्डिंग
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव अब अंतिम पड़ाव पर है। सात दिसंबर को मतदान होगा। अब उम्मीदवारों के लिए सिर्फ शुक्रवार का दिन शेष है। ऐसे में तमाम उम्मीदवारों ने अपनी ताकत झोंक दी है। वहीं, हाईकोर्ट में प्रवेश करते ही तमाम उम्मीदवारों के नामों और पद की जानकारी वाली एक संयुक्त होर्डिंग लगा दी है।
क्योंकि, जगह-जगह होर्डिंग और पोस्टर लगाने पर प्रतिबंध है। ऐसे में चुनाव समिति की तरफ से एक ही होर्डिंग लगाई गई है, ताकि उम्मीदवारों का संयुक्त रूप से प्रचार हो।
बता दें कि प्रधान, उपप्रधान, महासचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए 18 उम्मीदवार मैदान में हैं। सात दिसंबर को सुबह मतदान होना है। कुल 1985 वोटर मतदान करेंगे। हाईकोर्ट परिसर में वोटिंग के लिए चार मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वोटिंग के दौरान एसएसपी जम्मू निजी तौर पर सुरक्षा बंदोबस्त करेंगे। पिछले एक महीने से चुनाव प्रक्रिया चल रही है।
विज्ञापन



काले कोट पर उम्मीदवारों के पोस्टर
जैसा कि प्रचार के लिए किसी भी तरह का पोस्टर लगाना मना है, ऐसे में कई उम्मीदवारों के समर्थक अपने काले कोट पर प्रत्याशियों के पोस्टर लगाए नजर आए। प्रत्याशियों के समर्थकों ने वोटरों के बीच पैम्फलेट और मेनिफेस्टो भी वितरित किए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें