बोर्ड की वेबसाइट पर करना होगा आवेदन, ऑनलाइन ही मिलेगी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 10वीं और 12 के वार्षिक सत्र 2025 में भाग लेने वाले अभ्यर्थी अब उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी या पुनर्मूल्यांकन करवा सकते हैं। इसके लिए बोर्ड की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू.जेकेवोस.एनआईसी.इन पर पांच मई से 20 मई तक आवेदन कर सकेंगे।
पुनर्मूल्यांकन के लिए फार्म भरने की अंतिम तिथि 30 मई रखी गई है। पुनर्मूल्यांकन के लिए निर्धारित शुल्क 550 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका है और फोटोकॉपी के लिए 285 रुपये प्रति उत्तर पुस्तिका निर्धारित किया गया है। यह शुल्क केवल ऑनलाइन ही अदा करना होगा।
उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी प्राप्त करने की सूचना बोर्ड की वेबसाइट पर चरणबद्ध तरीके से अपलोड की जाएगी। छात्र अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की फोटो कॉपी केवल अपलोड किए गए कार्यक्रम के अनुसार बोर्ड मुख्य कार्यालय न्यू कैंपस बेमिना श्रीनगर और रिहाड़ी कॉलोनी जम्मू-तवी) के सीक्रेसी सेक्शन से ही प्राप्त करेंगे।
शुल्क जमा करने का प्रमाण प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने के बाद नियमित रूप से बोर्ड की वेबसाइट पर अपडेट्स देखते रहें।