जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय ने परिसर में सभी छात्र-छात्राओं के छात्रावासों में हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी की सुविधा दी है। इस सुविधा का उद्घाटन जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उमेश राय ने किया। इस मौके पर प्रो. राय ने छात्रों को बधाई दी और छात्रावास प्रबंधन में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
प्रो. राय ने कहा कि इंटरनेट कनेक्टिविटी छात्रों की लंबे समय से मांग थी। इसे अब पूरा कर दिया गया है। उन्होंने परियोजना के कुशल और समय पर निष्पादन के लिए सेंटर फॉर आईटी सक्षम सेवा और प्रबंधन के निदेशक डॉ. गुनीत सिंह सूदन की भी प्रशंसा की। इस परियोजना में लगभग 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
इस पहल से लाभान्वित होने वाले छात्रावासों में प्रियदर्शिनी, सरोजिनी नायडू बालिका छात्रावास के अलावा बाबा जित्तो, विवेकानंद, और जम्बू लोचन बालक छात्रावास शामिल हैं। हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी को जनरल जोरावर सिंह ऑडिटोरियम परिसर, तवी और चिनाब गेस्ट हाउस, स्वास्थ्य केंद्र और शिक्षा, समाजशास्त्र विभागों और आईटी केंद्र तक बढ़ाया है।