तीन दिवसीय अखिल भारतीय योग प्रशिक्षण शिविर का समापन
देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए करीब 500 अधिकारियों ने लिया हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। भारतीय योग संस्थान की ओर से जम्मू योग आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय योग प्रशिक्षण शिविर का रविवार को समापन हो गया। इसमें देशभर के विभिन्न प्रांतों से आए करीब 500 अधिकारियों ने भाग लिया। शिविर में तीन दिन तक प्रतिभागियों को आसनों के माध्यम से योग की बारीकियों से अवगत करवाया गया।
15 से 17 नवंबर तक चले शिविर में रोजाना सुबह ढाई घंटे की योग साधना में आसनों व प्राणायाम का अभ्यास करवाया गया। अखिल भारतीय प्रधान देसराज ने प्राणायाम रहस्य, योग का उद्भव, प्रचार, नाड़ी विज्ञान, मुद्रा विज्ञान, तंत्रिका तंत्र, प्रतिरोधक प्रणाली तथा योगिक एनिमा के महत्व के बारे में बताया।
इसके अतिरिक्त अखिल भारतीय मंत्री ललित ने ईश्वर प्रणिधान, गहरे लंबे श्वासों की उपयोगिता पर व्याख्यान दिया। केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य वेद प्रकाश राठी ने सत्र में साधकों की शंकाओं का समाधान किया।