वार्षिक खंडवाल दंगल में प्रदेश भर के पहलवानों ने हिस्सा लेकर दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
दोमाना। खंडवाल में रविवार को दंगल का आयोजन हुआ। इसमें प्रदेश भर के नामी पहलवानों ने हिस्सा लेकर दम दिखाया। बड़ी माली के मुकाबले में सोहांजना के बलकारा ने कठुआ जिले के बागू पहलवान को चित कर दंगल पर कब्जा जमाया है।
दंगल में 15 हजार रुपये की बड़ी माली और 11 हजार रुपये की छोटी माली का मुकाबला हुआ। इसके अलावा भी कई मुकाबले करवाए गए, जिनका बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने लुत्फ उठाया। छोटी माली का मुकाबला कोट भलवाल के कुलबीर और नागबनी के रिक्की पहलवान के मध्य हुआ। लेकिन, कड़े मुकाबले के बाद कुलबीर पहलवान ने रिक्की पहलवान को चित कर दिया।
दंगल में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सरपंच सोनमदीप सिंह औलख ने मुख्यातिथि थे। उन्होंने जहां दंगल का शुभारंभ किया वहीं, विजेता और उप विजेता पहलवानों को सम्मानित भी किया। सोनमदीप सिंह औलख ने सरकार से पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की अपील की। बताया कि दंगल खंडवाल की परंपरा से जुड़ा हुआ है। इस मौके पर पूर्व पंच बोध राज आदि लोग मौजूद रहे।