जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से जम्मू के लोगों को निराशा हुई है। प्रधानमंत्री ने न तो जम्मू के लिए एम्स की घोषणा की और न ही रियासत को कोई आर्थिक पैकेज का ऐलान किया जिसकी उम्मीद थी। उनका कहना है कि कश्मीर में आईएस के झंडे लहराए जा रहे हैं।
पाकिस्तान आए दिन युद्ध विराम का उल्लंघन कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप्पी साधे हुए हैं। शर्मा का कहना है कि जम्मू संभाग से भाजपा को सबसे ज्यादा जनमत मिला और यहां के लोगों की ही अब भाजपा पूरी तरह से उपेक्षा कर रही है। उनका कहना है कि पाक की गोलीबारी से प्रभावित सीमांत लोगों, रिफ्यूजियों के मसलों के हल के लिए भी प्रधानमंत्री मोदी ने एक भी शब्द नहीं कहा।
भ्रष्टाचार मुक्त शासन का वादा करने वाले प्रधानमंत्री मोदी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के भ्रष्टाचार और ललित मोदी की मदद से जुड़े आरोपों पर भी मोदी चुप्पी साधकर देश की जनता के संयम की परीक्षा ले रहे हैं।