जोगी गेट इलाके में सोमवार को कार ने कुचल दिया था बच्चे को, मां ने वाहन चालक को सजा देने की लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। पुराने शहर के जोगी गेट के पास सोमवार को कार के कुचलने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई थी। मंगलवार को भी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी मां रेहाना बार-बार यही कह रही हैं कि मेरा मोहम्मद फैज कहां चला गया। उसका क्या कसूर था। उसने तो अभी चलना तक नहीं सीखा था। वह तो सड़क के बीच भी नहीं था।
उन्होंने पुलिस व प्रशासन से आरोपी को सजा देने की मांग उठाई है। बच्चे के पिता मुस्तफा अली ने बताया कि तीन बच्चों में फैज सबसे छोटा था। वह फलों की रेहड़ी लगाता है। सोमवार को हादसे वाले दिन सुबह 10 बजे उसे गोद में लिया और उसके साथ खेला। उन्होंने रेहड़ी सीधी करने के लिए फैज को पास ही बिठाया था कि अचानक तेज रफ्तार कार कुचलते हुए निकल गई।
मुस्तफा ने बताया कि जोगी गेट के पास अज्ञात वाहन खड़े रहते हैं। स्थानीय निवासी मोना डोगरा ने बताया कि लोग यहां वाहन पार्क कर जाते हैं। इनमें ज्यादातर जम्मू से बाहर के नंबर वाले होते हैं। पार्किंग हुए अज्ञात वाहनों की वजह से पहले भी हादसे हुए हैं। स्थानीय लोगों की भी सुरक्षा नहीं है।