संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। महाशिवरात्रि को लेकर जम्मू के बाजारों में काफी रौनक है। पर्व के लिए बाजारों और शिवालयों को भव्य रूप से सजा दिया गया है। वहीं, शहरवासी महाशिवरात्रि को लेकर खूब खरीदारी कर रहे हैं। तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शहर के मोती बाजार, पुरानी मंडी, पक्का डंगा और गांधी नगर आदि क्षेत्रों में दुकानें पूजा सामग्री से सज गई हैं। छोटे से लेकर बड़े आकार के शिवलिंग, त्रिशूल, डमरू, शिंगी (जल अभिषेक के लिए) व रुद्राक्ष आदि सामान की भारी मांग है।
मोती बाजार के दुकानदार संजीव ने बताया कि लोगों में शिवरात्रि को लेकर काफी उत्साह रहता है। इस साल कारोबार काफी अच्छा हो रहा है। वस्तुओं के मूल्यों में भी ज्यादा अंतर नहीं आया है।
शास्त्री नगर में फूलों का काम करने वाले सुनील ने बताया कि लोगों ने फूल, फूलों के हार आदि सामग्री के लिए पहले से ही ऑर्डर दे रखा है। पिछले साल के मुकाबले फूलों के दाम में कुछ वृद्धि हुई है।
रंगबिरंगी लाइटों से जगमगा रहे शिवालय
महाशिवरात्रि पर्व के लिए शहर व आसपास के सभी शिवालयों को लाइटों से सजा दिया गया है। रणबीरेश्वर मंदिर, शिव मंदिर बिक्रम चौक, रूप नगर आप शंभू मंदिर, प्राचीन पीरखो मंदिर रंगबिरंगी लाइटों से जगमगा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए मंदिर कमेटियों की ओर से पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। पंडित मनोज शुक्ला ने बताया कि शिवरात्रि पर शिव मंदिरों में चार पहर की पूजा की जाती है, जो रात आठ बजे से लेकर सुबह चार बजे तक चलती है। सभी शिव मंदिरों में विशेष पूजा होगी। विभिन्न स्थानों पर भंडाराें का भी आयोजन होगा।
इन दाम में उपलब्ध है सामग्री
शिवलिंग 40 से 500 रुपये
शिलंगी 150 से 300 रुपये
डमरू 40 से 100 रुपये
रूद्राक्ष की माला 100 से 300 रुपये
बिल फल 20 रुपये