अकादमी की सचिव हरविंद्र कौर ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति और भाषा अकादमी के सहयोग से कला केंद्र में विश्व कला दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम हुआ। इसमें 50 कलाकृतियों की एक विशेष कला प्रदर्शनी लगाई गई। इसका शुभारंभ अकादमी की सचिव हरविंद्र कौर ने किया।
कला केंद्र के सचिव डॉ. जावेद राही ने कहा कि रचनात्मकता, बहु-विषयक सोच और कलात्मक उत्कृष्टता के प्रतीक लियोनार्डो दा विंची के जन्मदिन का सम्मान करने के लिए यूनेस्को कला दिवस के रूप में मनाता है। उन्होंने कहा कि कला केंद्र और अकादमी ने संयुक्त रूप से कला के बारे में जागरूकता बढ़ाने और समाज-सभ्यताओं के विकास में कलाकारों के योगदान का जश्न मनाने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया है।
मुख्य अतिथि हरविंदर कौर ने कला के संरक्षण और संवर्धन में कला की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने दर्शकों को विभिन्न कला रूपों को समर्थन देने के लिए अकादमी के वर्ष भर के प्रयासों के बारे में बताया। इस मौके पर पद्म एनडी जवाल, देवदास, एआर जहान, पद्म राजेंद्र टिक्कू और अन्य मौजूद रहे। ब्यूरो
कला को बढ़ावा देने, विकसित करने पर हो रहा काम : पदमश्री
जम्मू। कला को बढ़ावा देने और प्रसार का काम जारी है। यह बातें विश्व कला दिवस समारोह के मौके पर निदेशक पदमश्री बलवंत ठाकुर ने कहीं। उन्होंने कहा कि यूनेस्को आम सम्मेलन 2019 में आयोजित 40वें सत्र में विश्व कला दिवस को अपनाया गया। विश्व कला दिवस का उद्देश्य कलात्मक रचनात्मकता और समाज के बीच संबंध को मजबूत करना है। इन रूपों की विविधता के बारे में जागरूकता बढ़ाना और सतत विकास में कलाकारों के योगदान किया जा रहा है। यह विश्व दिवस स्कूलों में कला शिक्षा के मुद्दे को संबोधित करने का अवसर भी प्रदान करता है। आज पूरा विश्व इस दिन को विभिन्न तरीकों से मना रहा है, जिसमें चर्चाएं, सम्मेलन, कार्यशालाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रस्तुतियां और प्रदर्शनियां शामिल हैं। ब्यूरो