भारत-पाक तनाव के बीच नई फिल्में रिलीज नहीं हो पाईं, स्वघोषित ब्लैकआउट के चलते नहीं चल रहे रात्रि शो
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। भारत-पाक में संघर्ष विराम के बाद शहर में सामान्य जीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौट रहा है। शहर में पांच दिन से बंद पड़े सिनेमाघरों को खोल दिया गया है, लेकिन 25 फीसदी दर्शक ही बड़ी स्क्रीन पर फिल्म देखने के लिए पहुंच रहे हैं। रिलीज होने वाली फिल्मों को भी स्थगित किया गया है।
शहर के अप्सरा मल्टीप्लेक्स, कैनाल रोड इंदिरा थियेटर, महेशपुरा चौक स्थित पीवीआर केसी और कैनाल रोड पॉम आईलैंड सिनेमाघरों को दोबारा खोला गया है। पाम आई लैंड सिनेमाघर के मैनेजर संकेत सिंह ने बताया कि गत सोमवार से दर्शकों के लिए सिनेमाघर को खोल दिया गया है, जो सुबह नौ बजे से लेकर रात दस बजे तक ही अभी चलाया जा रहा है।
देर रात में चलने वाला शो शहर में स्वघोषित ब्लैकआउट की वजह से बंद है। पहलगाम से लेकर सीजफायर तक के घटनाक्रम से अभी भी शहर और आसपास के हिस्सों में दहशत का माहौल है। इससे शहर के सिनेमाघरों में कम दर्शक आ रहे हैं। कुछ फिल्में तनाव पूर्ण हालात के चलते अपने निर्धारित समय पर रिलीज नहीं हो पाई हैं। इससे सिनेमाघरों के संचालकों को और झटका लगा है।
इंदिरा थिएटर के मैनेजर अमन शर्मा ने बताया कि लगभग शहर के सभी सिनेमाघर चालू हो गए हैं लेकिन पहले की अपेक्षा फिल्म देखने के लिए लोग कम आ रहे हैं। इस सिनेमाहॉल में 466 सीटें है, लेकिन मौजूदा समय में देखने वालों की संख्या 100 से भी कम है। सिनेमाघरों में जब कोई नई फिल्म आती है तो दर्शक उसे खूब पसंद करते हैं लेकिन भारत-पाक के बीच तनाव के मद्देनजर भूल-चूक माफ व हाउस फुल 5 जैसी नई फिल्में रिलीज नहीं हो पाईं। दर्शक नई फिल्म देखने पर ज्यादा जोर देते हैं। शहर के अन्य अस्पतालों में भी ऐसे ही हालात हैं।