खुद को सेना में अफसर बता नौकरी लगवाने के नाम करोड़ों हड़पने के आरोप
पुलिस ने शहर के छन्नी इलाके में दो मंजिला मकान किया कुर्क
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। पुलिस ने शहर के छन्नी इलाके में धोखाधड़ी के आरोपी की 2.22 करोड़ की संपत्ति कुर्क की है। आरोपी के खिलाफ खुद को अधिकारी बता सेना में नौकरी लगवाने के नाम पर युवकों से ठगी करने का मामला दर्ज हैं। न्यायालय के निर्देश के बाद तहसीलदार बाहु के नेतृत्व में कार्रवाई की गई है।
नगरोटा निवासी अरुण शर्मा ने नवंबर के महीने में हरप्रीत सिंह निवासी तहसील खौर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कि हरप्रीत ने खुद को भारतीय सेना का लेफ्टिनेंट कर्नल बताकर सेना में नौकरी दिलाने के नाम पर कई युवकों से करोड़ों रुपये ठगे हैं। इसपर नगरोटा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
जांच में पाया गया कि आरोपी हरप्रीत के खाते में शिकायतकर्ता सहित अन्य युवकों ने करीब दो करोड़ 40 लाख रुपये जमा किए हैं। इसपर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी के धोखाधड़ी के पैसों से शहर के छन्नी इलाके में दो मंजिला मकान खरीदा है। यह संपत्ति आरोपी हरप्रीत की मां के नाम पर खरीदी गई है। इसके बाद पुलिस ने इस अवैध संपत्ति की कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी। न्यायालय के निर्देश के बाद सोमवार को तहसीलदार बहू और एसपी ग्रामीण ब्रजेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छन्नी इलाके में पहुंचकर आरोपी के मकान को कुर्क करने की करवाई पूरी दी।
इस दौरान एसपी ग्रामीण ने बताया कि बीएनएसएस की धारा 107(5) के तहत आरोपी की संपत्ति कुर्क की गई है। आरोपी को 14 दिन का समय भी दिया गया है, अगर 14 दिनों में वह सिद्ध कर देगा कि कुर्क की गई संपत्ति घोखाधड़ी के पैसों से नहीं ख़रीदी गई है तो इसे मुक्त कर दिया जाएगा। नहीं तो इसकी नीलामी कर पीड़ितों की क्षतिपूर्ति की जाएगी।