खौफ गैंग से मिली थी सुपारी, मारते नहीं तो जानलेवा हमला या लूट करते
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में हुआ खुलासा, एक अस्पताल में उपचाराधीन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मीरां साहिब पुलिस पर फायरिंग करने वाले गैंगस्टर सुपारी किलर भी हैं। इन्हें खौफ गैंग ने एक प्रापर्टी डीलर की हत्या करने के लिए सुपारी दे रखी थी। वे इसी फिराक में थे और इसके लिए पिस्टलें रखी हुईं थीं। यदि ये प्रापर्टी डीलर को नहीं भी मारते तो उस पर जानलेवा हमला करते या फिर लूट करते। यह खुलासा गिरफ्तार अर्जुन उर्फ बिल्लू ने पुलिस पूछताछ में किया है। वहीं, परमजीत उर्फ जुंगी अभी अस्पताल में उपचाराधीन है।
पुलिस पता लगा रही है कि किस प्राॅपर्टी डीलर की ये लोग हत्या करने वाले थे। बहरहाल, पुलिस ने आरोपियों को दबोच कर एक बड़ी वारदात को विफल किया है। मीरां साहिब के एसएचओ जेपी शर्मा का कहना है कि दोनों गैंगस्टर सुपारी किलर हैं। खौफ गैंग के लिए काम करने वाले इन गैंगस्टरों को सुपारी भी खौफ गैंग की तरफ से ही दी जाती थी।
जांच कर रहे हैं कि किन किन लोगों की सुपारी दी गई है। खौफ गैंग का नेटवर्क काफी बड़ा है। इसमें आरएस पुरा, मीरां साहिब, सिंबल, रोई मोड़ आदि के रहने वाले बदमाश हैं। पुलिस अभी अस्पताल में भर्ती जुंगी का इंतजार कर रही है, जिससे पूछताछ में कुछ और अहम सुराग मिलने की संभावना है।
गौरतलब रहे कि कुछ दिन पहले मीरां साहिब के लंगोटियां गांव के पास दोनों गैंगस्टरों को पुलिस दबोचने गई थी, तभी उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की थी। इसमें जुंगी घायल हो गया था।