अपने दोस्त की मदद करने के लिए जा रहा था डिगियाना का युवक
मोटरसाइकिल से पीछा करते हुए हुए आए थे दोनों नकाबपोश आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। शहर की सैनिक कॉलोनी में शुक्रवार की देर रात को कुछ संदिग्धों ने पिस्तौल से मारने की धमकी देकर एक युवक का मोबाइल और नकदी छीन ली। युवक डिगियाना का रहने वाला है और उसका नाम संकेत है। वह अपने दोस्त की कोई मदद करने के लिए चौआदी की तरफ जा रहा था। तभी सैनिक कॉलोनी के सेक्टर एफ में दो नकाबपोश युवक मोटरसाइकिल से उसका पीछा करते हुए उसे रोक लेते हैं। वह बंदूक को लोड कर मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर तान देते हैं। इसके बाद उससे मोबाइल व लगभग पांच हजार रुपए छीन लेते हैं।
घटना के बाद युवक ने सैनिक कॉलोनी पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी केक फुटेज खंगाल रही है। कुछ फुटेज में आरोपी घटना को अंजाम देते नजर आ रहे हैं।
संकेत के अनुसार शुक्रवार की रात लगभग 11.30 बजे वह अपने एक दोस्त जोकि ब्लिंकिट में डिलीवरी का काम करता है, उसके साथ जाता है। पर किसी वजह से संकेत ब्लिंकिटके कार्यालय में ही रुक जाता है। कुछ देर बाद उसके दोस्त का कॉल आता है कि चौआदी के पास मोटरसाइकिल में पेट्रोल खत्म हो गया है और उसे मदद के लिए बुलाता है।
संकेत के मुताबिक जब वह सैनिक कॉलोनी सेक्टर एफ में पहुंचता है तो दो नकाबपोश उसका पीछा करते हुए उसे रोकते हैं और बंदूक को लोड कर के उसके सिर पर रखकर उससे मोबाइल व लगभग पांच हजार नकदी लूट लेते हैं। तभी पीछे से कुछ लोगों को आते देख वह मोटरसाइकिल पर ही भागने लगते हैं। भागते हुए भी वह जान से मारने की धमकी देते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी खंगाल रही है।
..............
पुलिस घटना स्थल व आसपास के सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान हो सके। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की टीम हर पहलू को मद्देनजर रखते हुए जांच में जुट गई है।
अजय शर्मा, एसपी, साउथ जम्मू