शव के पास मिली लाइसेंसी 12 बोर की गन
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के कुंजवानी क्षेत्र में एक पूर्व सैनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटनास्थल पर शव के पास 12 बोर की गन भी मिली। ये गन पूर्व सैनिक के नाम पर ही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी शवगृह में रखा गया है।
मृतक का एक बेटा कनाडा में है और दूसरा साथ ही रहता है। मृतक कुलदीप राज निजी सिक्योरिटी का काम भी करता था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर काफी देर तक कुलदीप अपने घर से बाहर नहीं निकला। इस दौरान बेटे ने ग्रेटर कैलाश पुलिस चौकी में इसकी सूचना दी।
क्योंकि बेटे की पिता के साथ बोलचाल बंद थी। सूचना पाकर ग्रेटर कैलाश चौकी प्रभारी वसीम भट्टी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। जब घर पहुंचे तो देखा कि वह खून से लथपथ पड़ा था। पास में गन मिली थी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ये मामला खुदकुशी का ही लग रहा है। क्योंकि सिर पर गोली लगी हुई है। फिर भी संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
दस दिन पहले दर्ज हुआ था छेड़छाड़ का मामला
ग्रेटर कैलाश पुलिस चौकी में कुलदीप राज पर दस दिन पहले एक महिला से छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला ने शिकायत दी थी कि कुलदीप राज उसे लगातार तंग कर रहा है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद कुलदीप राज घर से भाग गया। अभी वीरवार को ही घर वापस आया था।