अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जिला पुलिस लाइन के नजदीक पेट्रोल पंप में बने शौचालय से एक युवक का शव बरामद किया है। मृतक की पहचान राकेश कुमार निवासी ज्यौड़ियां के रूप में हुई। वह सतवारी में कैंटीन चलाता था और व्यवसायिक वाहन का चालक भी था। गांधी नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
सोमवार दोपहर पेट्रोल पंप प्रबंधन की तरफ से नेहरू मार्केट पुलिस चौकी में जानकारी दी गई। बताया कि पेट्रोल पंप पर बने शौचालय में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। पूछताछ करने पर पेट्रोल प्रबंधन की तरफ से बताया गया कि शौचालय काफी देर तक बंद रहा। कुछ कर्मी बारी बारी से शौच जा रहे थे, लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था।
हर कोई सोच रहा था कि अंदर कोई शौच के लिए होगा। लेकिन दो-तीन घंटे तक जब दरवाजा नहीं खुला तो इसे तोड़ा गया। चौकी प्रभारी नेहरू मार्केट सुनील कुमार का कहना है कि मृतक के परिवार को सूचित किया गया है। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जीएमसी से अज्ञात महिला का शव बरामद
मेडिकल कालेज अस्पताल जम्मू से एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि महिला कुछ दिन पहले अस्पताल भर्ती हुई थी, जिसे उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया था। लेकिन, इसके बाद भी महिला अस्पताल में ही रह रही थी। जीएमसी चौकी प्रभारी मुर्तजा खान का कहना है कि महिला के शरीर पर किसी तरह के घाव नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है।