दिल्ली से दबोचे गए थे पांच में से तीन बिक्रम चौक के रहने वाले, दो सगे भाई भी शामिल
रंजिश के चलते दिया था वारदात को अंजाम, आरोपियों के साथ लगातार संपर्क में था खौफ गैंग कर सरगना
जम्मू। ज्यूल चौक हत्याकांड के पांच आरोपियों को मंगलवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जम्मू के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उन्हें पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। सौंपने से पहले आरोपियों का मेडिकल कराने के निर्देश दिए हैं। आरोपियाें को दिल्ली में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दबोचा था। इसके बाद इन्हें जम्मू कश्मीर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पता चला है कि पांच में से तीन आरोपी बिक्रम चौक जम्मू के रहने वाले हैं। आरोपियाें में दो सगे भाई अरुण कुमार और अजय कुमार निवासी बिक्रम चौक जम्मू, हर्ष सिंह निवासी बिक्रम चौक, अभय सिंह निवासी नई बस्ती, जम्मू और राज निवासी सीमापुरी नई दिल्ली शामिल है।
सीजेएम जम्मू प्रीत सिमरन के ग्रोवर ने कहा कि आरोपियों को हत्याकांड के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। मामले में शामिल अपराध गैर-जमानती प्रकृति के हैं। जांच प्रारंभिक चरण में है। सभी आरोपियों की मेडिकल जांच रिपोर्ट भी पेश की गई है। इसलिए पुलिस को रिमांड दिए जाने का मामला बनता है।
आरोपियों को 8 फरवरी तक पांच दिनों की अवधि के लिए पुलिस हिरासत में भेजा जाता है। पुलिस हिरासत में लिए जाने से पहले आरोपियों की मेडिकल जांच की जाएगी और उसके बाद हर 48 घंटे में उनकी मेडिकल जांच की जाएगी। जेएनएफ