बैंकों के फर्जी अधिकारी बन लोगों से लाखों रुपये ठगने वाले आठ लोगों के एक गिरोह के खिलाफ क्राइम ब्रांच जम्मू ने मामला दर्ज किया है। पीड़ित बीएसएफ के जवान की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने हरकत में आते हुए यह कार्रवाई की है।
एसएसपी क्राइम ब्रांच मुब्बसर लतीफी ने बताया कि रामगढ़ सेक्टर में बीएसएफ में तैनात एक जवान सुदामा निवासी सिरसा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसको स्टेट बैंक आफ इंडिया की तरफ से एक कॉल आई थी। इसमें कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का मैनेजर बताया और उसके डेबिट कार्ड का पिन नंबर पूछा।
इसके बाद उसके बैंक खाते से 2,77,300 रुपये निकल गए। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने बैंक खाते की डिटेल निकाली, जिसमें पता चला कि एक आनलाइन गैंग ने बीएसएफ के जवान के खाते से पैसे निकाले।
प्रशांत कुमार, प्रदीप महतू, राम चंद्र मंडाल, सोहन सिंह सभी निवासी झारखंड, रोबल सिंह निवासी इंफाल, श्याम लाल हाजरा निवासी कोलकाता, अनन्या दत्ता निवासी गांधीनगर कोलकाता, अजय कुमार निवासी कोलकाता यह सभी गैंग में शामिल हैं।
जांच में यह बात सामने आई है कि यह सभी बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी बनकर उपभोक्ताओं से उनके बैंक अकाउंट की डिटेल लेते हैं और फिर उनके खाते से आनलाइन शापिंग करते हैं या फिर आनलाइन पैसे निकाल लेते हैं।
इन सब पर क्राइम ब्रांच ने 419,420,465,467,471,120 बी और 66 सी और 66डी आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। लतीफी ने बताया कि इसी तरह की कई अन्य शिकायतें क्राइम ब्रांच के पहुंची हैं।
इनमें निर्दोष लोगों को ठग कर उनके अकाउंट से पैसे निकाल लिए जाते हैं। ऐसे ही कुछ और गैंग के नाम सामने आने की संभावना है। बहुत जल्द इन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।