तीन जिलों की पुलिस कर रही काम, फिर भी 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ
कुछ संदिग्धों को पकड़ा, की जा रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। शहर के ज्यूल चौक में हत्याकांड के हमलावर प्रदेश के बाहर न जा सकें, इसके लिए बॉर्डर सील कर दिए गए हैं। तीन जिलों की पुलिस तलाश में जुटी है, इसके बावजूद 24 घंटे बीतने के बाद भी हमलावरों को पकड़ा नहीं जा सका। बुधवार को एसआईटी की टीमों ने जम्मू, सांबा और कठुआ जिले के विभिन्न इलाकों में दबिश दी। आरोपी तालाब तिल्लो, रामगढ़ आदि क्षेत्रों से बताए जा रहे हैं।
लखनपुर में सुरक्षा बढ़ाई गई है। वाहनों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की है। कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए जम्मू, सांबा और कठुआ जिले की पुलिस संयुक्त रूप से काम कर रही है। पुलिस अधिकारी खुलकर बोलने को तैयार नहीं हैं। पुलिस को इस हत्याकांड में चार से छह लोगों के शामिल होने का अंदेशा है।
सोशल मीडिया पर फोटो वायरल, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
इस बीच घटनास्थल से एक स्कूटी पर सवार तीन युवकों की फोटो वायरल हो रही है। दिन भर ये वीडियो वायरल होता रहा। पुलसि ने इसकी पुष्टी नहीं की है।
विभिन्न जिलों में हमारी टीमों ने दबिश दी है। जल्द आरोपियों को पकड़ा जाएगा। हर पहलू पर जांच कर रहे है।
शिव कुमार शर्मा, डीआईजी जम्मू, सांबा-कठुआ रेंज
बड़ा सवाल: धरपकड़ तो दूर, पहचान तक उजागर नहीं कर सकी पुलिस
सुरक्षा के लिहाज से अति संवेदनशील माने जाने वाले जम्मू में सरेआम गोलियां चल गईं, एक की मौत हो गई। 24 घंटे बीत गए पर आरोपियों को पकड़ना तो दूर, उनकी पहचान भी उजागर नहीं कर सकी। यह हाल तब है जब गणतंत्र दिवस को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त हैं। इसके बावजूद भी अपराधी न सिर्फ अपराध करने में कामयाब रहे बल्कि पुलिस को भी चकमा दे गए हैं।
खौफ गैंग ने इंस्टाग्राम पर डाली स्टोरी, कुछ समय बाद हटा दी
खौफ गैंग ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाला था, जिसमें कहा गया कि तू कार में चल या थार में... जिस दिन दिख गया बाजार में उसी दिन आ जाएगा अखबार में। हालांकि इस स्टोरी को कुछ ही समय बाद हटा दिया था।