जम्मू। जानीपुर पुलिस ने छह घंटे के भीतर दो झपटमारों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। झपटमारों में से एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले से चार मामले दर्ज है। पांचवीं एफआईआर के बाद आरोपी के खिलाफ जानीपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीट भी खोल दी है।
लोअर रूप नगर निवासी आकाश कुमार आर्यन ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि वह अपने घर से जानीपुर स्थित लाइब्रेरी की ओर जा रहा था। रास्ते में स्कूटी पर सवार एक अज्ञात व्यक्ति ने उसका फोन छीन लिया, जिसकी कीमत करीब 70,000 रुपये थी। मामले की एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
जानीपुर ने पुलिस ने इलाके में जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। कैमरों की मदद से आरोपी की स्कूटी की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने सुमित शर्मा निवासी पलौरा और अमन निवासी राजीव नगर, नरवाल को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ करने पर दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि मामले में गिरफ्तार आरोपी सुमित शर्मा आदतन अपराधी है। जिसके खिलाफ यह पांचवी एफआईआर है। इसलिए एसएचओ जानीपुर ने सुमित के खिलाफ हिस्ट्रीशीट भी खोलने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।