रात को कुल्ले गांव स्थित रिंग रोड पर हुआ हादसा, वाहन चालक फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। मढ़ विधानसभा के कुल्ले गांव रिंग रोड पर वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत और एक घायल हुआ है। मृतक की पहचान सुनील कुमार शर्मा उर्फ जोनी (39) निवासी मढ़ के रूप में हुई है। वह पशुपालन विभाग का कर्मचारी था और चिनौर में तैनात था।
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे सुनील कुमार शर्मा चचेरे भाई अमित शर्मा (30) के साथ बाइक पर कुल्ले गांव से रिंग रोड पर चढ़ रहा था। इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार थार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद थार का चालक फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों घायलों को जीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने सुनील कुमार शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमित शर्मा का उपचार जारी है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया और सोमवार दोपहर को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सुनील परिवार में था इकलौता कमाने वाला
हादसे का शिकार बने सुनील कुमार शर्मा परिवार में इकलौते कमाने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी और दो बेटियां छोड़ गए हैं। सुनील कुमार की कोई जमापूंजी भी नहीं है, ताकि परिवार गुजर-बसर कर सके। सुनील काफी हंसमुख स्वभाव के थे, जिस कारण अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
खाली समय में गरीब लोगों के मवेशियों का करते थे उपचार
क्षेत्रवासियों के अनुसार सुनील कुमार शर्मा बहुत मेहनती थे और खाली समय में वह गरीबों और जरूरमंदों के घर जाकर उनके मवेशियों का निशुल्क उपचार करते थे। हादसे के समय भी सुनील कुमार किसी के घर से बीमार गाय का इलाज कर लौट रहे थे। उनकी मौत से क्षेत्र में मातम है।