सुनवाई के बाद कैट ने परिवहन विभाग को दिया आदेश
छह माह से वेतन नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने लगाई थी गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। समेकित कर्मचारियों के मामले में परिवहन विभाग छह हफ्ते में निर्णय ले। यह आदेश केंद्रीय प्रशासनिक ट्रिब्यूनल (कैट) की जम्मू पीठ ने सुनवाई के बाद दिया है।
गौरतलब रहे कि छह माह से समेकित कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला था, जिस कारण वह परेशान थे। न्याय के लिए उन्होंने याचिका दायर कर कैट में गुहार लगाई थी।
दायर याचिका में हरविंद्र सिंह और सुरिंद्र पॉल ने बताया कि वह लगातार विभाग में समेकित कर्मचारी के रूप में काम कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई वेतन नहीं मिला है। ट्रिब्यूनल ने कर्मचारियों की मांग को देखते हुए यह आदेश पारित किया कि विभाग याचिका को शिकायत मानकर उस पर कारण सहित फैसला दे और उसकी एक प्रति कर्मचारियों को भी भेजे।
प्रक्रिया को आदेश की कॉपी मिलने के छह हफ्तों के भीतर पूरा करना होगा।