कारोबारियों को ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहकों के आने का इंतजार, मौजूदा समय में जरूरी सामान की हो रही खरीदारी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सीमा पर तनाव कम होने के साथ बाजारों में रौनक लौटने लगी है। शहर के अधिकांश बाजार खुल गए हैं। हालांकि, अभी लोग जरूरी सामान की ही खरीदारी कर रहे हैं। कारोबारियों को ग्रामीण क्षेत्रों से ग्राहकों के आने का इंतजार है। दुकानदारों के अनुसार आगामी कुछ दिनों में बाजारों में हालात सामान्य होने की उम्मीद है।
संघर्ष विराम के बाद से दुकानें खुल रही हैं। अब ग्राहकों का पहुंचना शुरू हो गया है। बुधवार को शहर के प्रमुख ज्यूल चौक, डोगरा चौक, बिक्रम चौक, सतवारी, कुंजवानी, बाहु प्लाजा, महेशपुरा, कैनाल हेड, पुराने शहर, तालाब तिल्लो, गांधीनगर और जानीपुर में लोगों की आवाजाही बढ़ी। अभी बाजारों में सामान की ज्यादा खरीदारी नहीं हो रही है।
सराफा बाजार में लोग पूछ रहे दाम
शहर के सराफा बाजार में रौनक लौटने लगी है। लोग सोने-चांदी के दाम पूछ रहे हैं। गत वीरवार से सराफा बाजार में कारोबार मंदा था। स्वघोषित ब्लैकआउट के चलते शाम के बाद अधिकांश दुकानें बंद हो रही थीं, लेकिन अब रात तक खुल रही हैं। स्वर्णकार संघ जम्मू सिटी के अध्यक्ष आशुतोष कपूर ने बताया कि पिछले दिनों की अपेक्षा अब लोग बाजार में पहुंचने लगे हैं। अभी पहले की तरह भीड़ का इंतजार है। उम्मीद है कि आगामी दिनों में हालात पूरी तरह से सामान्य हो जाएंगे।
-
जरूरी चीजों की खरीदारी पर तवज्जो
बाजारों में लोग खरीदारी के लिए पहुंच रहे है। पुराने शहर और आसपास के इलाकों में लोग राशन, कपड़े और अन्य जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं। मोती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन गुप्ता ने कहा कि पहले बाजारों में सन्नाटा था। अब लोग बाहर आ रहे हैं। बाजारोें में आगामी दिनों में रौनक लौटने की उम्मीद है।