रिटेल में एफडीआई की मुखालफत और वालमार्ट-फ्लिपकार्ड डील के विरोध में शुक्रवार को कन्फेडरेशन आफ आल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने भारत बंद का आह्वान किया है। इसके तहत जम्मू भी बंद रहेगा। मांगों में वन नेशन-वन टैक्स के तहत जम्मू-कश्मीर के लखनपुर में टोल टैक्स को हटाए जाने की मांग भी शामिल है।
बंद में चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री भी साथ आ गया है। वीरवार को बंद की रणनीति को लेकर व्यापारियों, उद्यमियों की एक बैठक भी हुई। इसमें डीसी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने के बाद दोपहर 12 बजे बाजार खोलने का फैसला किया गया।
इसका आधार जीएसटी और एफडीआई की वजह से प्रभावित हो रहे और लगातार कम हो रहे जम्मू के व्यापार को बताया गया। सीएआईअी से जुड़ी चैंबर आफ ट्रेडर्स फेडरेशन के अध्यक्ष नीरज आनंद के मुताबिक जम्मू में नुकसान की हालत में पूरे दिन का बंद व्यापारियों के लिए किसी भी तरह से बेहतर नहीं होगा।
उनके मुताकि शुक्रवार की सुबह सभी व्यापारी सिटी चौक पर एकत्र होंगे। यहां से सुबह साढ़े 11 बजे डीसी आफिस पहुंचेंगे। जहां उन्हें चार्टर आफ डिमांड सौंपा जाएगा।