देश के टाॅप 50 पर्यटन स्थलों में कश्मीर और जम्मू को भी मिलेगी तवज्जो
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। केंद्रीय बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल गई है। बजट में देश के 50 टाॅप पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना है। इसमें जम्मू और कश्मीर के भी कई पर्यटन स्थलों को शामिल होने की जानकारी है। वहीं, होम स्टे के लिए भी सरकार ने खास योजना बनाई है। होम स्टे का फायदा जम्मू कश्मीर के एलओसी और बार्डर के नजदीक पर्यटन को बढ़ावा देने मिलेगा।
इसमें खासकर बीते वर्ष जम्मू के सीमांत जिले सांबा में शुरू की गई होम स्टे योजना शामिल है। जानकारी के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के पर्यटन को हमेशा से केंद्र की तरफ से तवज्जो दी जाती रही है। जम्मू पर्यटन विभाग के निदेशक विकास गुप्ता का कहना है कि यदि केंद्र की तरफ से देश के 50 टाप पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना है तो निश्वित तौर पर इसका जम्मू को लाभ मिलेगा।
कश्मीर पर्यटन विभाग के निदेशक रजा याकूब का कहना है कि कश्मीर के कई नए पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना विभाग ने अपने स्तर पर बनाई है। जबकि केंद्र की तरफ से बनाई गई योजनाओं में भी इसे शमिल किया जाएगा। अभी उनके पास कोई जानकारी नहीं है कि इन 50 स्थलों में कश्मीर का कौन कौन सा होगा।
लेकिन, निश्चित तौर पर इसमें कश्मीर के कुछ बड़े पर्यटन स्थल होंगे। इससे पर्यटन का विकास होगा। होम स्टे के लिए भी सरकार ने बजट बढ़ाया है। इससे भी लाभ होगा।