- रात को फलों के 80 और सब्जी के 110 ट्रक पहुंचे
- फलों का 30 करोड़ की जगह दो करोड़, तो सब्जियों का 40 करोड़ की जगह चार करोड़ हुआ कारोबार
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। सब्जी और फलों का कारोबार सीमाओं पर तनाव के कारण मंदा रहा। सुबह अफरा-तफरी का माहौल रहा। ऐसे में पहाड़ी इलाकों से व्यवसायी फल और सब्जियां खरीदने के लिए मंडी नहीं पहुंचे। सामान्य दिनों में रोजाना औसतन 12 हजार से ज्यादा व्यापारी पहुंचते हैं, बुधवार सुबह सिर्फ 400 से 500 व्यापारी ही पहुंचे।
ऐसे में फलों का कारोबार 30 करोड़ की जगह दो करोड़ तो सब्जियों का कारोबार 40 करोड़ की जगह चार करोड़ रुपये ही हुआ। रात को फलों के 80 और सब्जी के 110 ट्रक मंडी में पहुंचे। हालांकि, कारोबारी दिनभर व्यापारियों का इंतजार करते दिखाई दिए। सुबह तीन से छह बजे तक कारोबार हुआ।
इसके बाद मंडी में ग्राहक कम होने शुरू हो गए। सुबह 11 बजे के आसपास कम संख्या में व्यापारी फल और सब्जी खरीदने पहुंचे। दोपहर दो बजे के बाद मंडी खाली ही रही। फल मंडी नरवाल के अध्यक्ष नितिन जैन कहा कि अन्य दिनों की अपेक्षा बुधवार को सबसे कम व्यापार हुआ है। सब्जी मंडी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है। पूरा दिन मंडी खाली रही। जो सामान मंगवाया, वह भी नहीं बिका है।