सीएम ने किया पुस्तक ''द लैंड ऑफ सोल्स'' का विमोचन
युवाओं से की पुस्तक पढ़ने की आदत डालने की अपील
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वीरवार को एक समारोह में पुस्तक ''द लैंड ऑफ सोल्स'' ए टेल ऑफ एडवेंचर एंड डिस्कवरी का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने समारोह में मौजूद युवाओं को पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ने की आदत एक बार बचपन में विकसित हो जाने पर जीवन भर साथ रहती है।
पुस्तक को 15 वर्षीय लारन्या आर कुमार ने लिखा है। सीएम ने लारन्या को कम उम्र में उल्लेखनीय इतनी उपलब्धियों के लिए बधाई दी। साथ ही मात्र 13 वर्ष की आयु में ही पुस्तक लिखना शुरू करने पर लारन्या की सराहना की। उन्होंने कहा कि लारन्या ने न केवल कल्पनाओं को लिखने का साहस किया, बल्कि उन्हें एक सम्मोहक कथा के रूप दुनिया के सामने पेश किया है।
इस उम्र में कई लोग अभी भी खुद को खोज रहे हैं, उसने दुनिया को कल्पना और जिज्ञासा से पैदा हुई एक किताब भेंट की है। लारन्या ने न केवल अपने साथियों के लिए बल्कि पुरानी पीढ़ियों के लिए भी एक उदाहरण पेश किया है।
सीएम ने यह जानकर और खुशी जाहिर की कि लारन्या और भी पुस्तकों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मैं अगली और उसके बाद की एक और किताब पढ़ने के लिए उत्सुक हूं। इस दौरान उन्होंने समारोह में मौजूद युवाओं को पुस्तकें पढ़ने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे न केवल आपकी समझ बढ़ेगी, बल्कि लारन्या जैसे उभरते लेखकों को प्रोत्साहन भी मिलेगा।
पुस्तक विमोचन समारोह में शिक्षा मंत्री सकीना इट्टू, जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. उमेश राय व लारन्या के माता-पिता व अन्य परिजन मौजूद रहे।