- इंदौर से महाशिवरात्रि को लेकर माला बेचने पहुंचे हैं बंजारा परिवार
- पूरे शहर में 20 से 30 परिवारों के सदस्यों ने सजाई माला की दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। महाशिवरात्रि को लेकर रुद्राक्ष, मोती की मालाएं बेचने के लिए इंदौर से एक ही परिवार के कई सदस्य इन दिनों शहर में डेरा जमा चुके हैं। उनका कहना है कि हैदराबाद, गुजरात से यह माल लाकर बेचते हैं। यह इनका पुश्तैनी काम है, जिससे परिवार की रोजी रोटी चलती है। महाकुंभ में वायरल गर्ल मोनालिसा से बंजारे परिवार अपना रिश्ता भी बता रहे हैं, लेकिन नाम बताने से डर रहे हैं कि कहीं मोनालिसा जैसा हाल न हो जाए।
इसलिए फोन देखते ही घबरा रहे हैं। महाशिवरात्रि को लेकर इससे जुड़ी चीजों की बिक्री जहां बाजार में बढ़ गई है। वहीं भगवान भोलेनाथ के लिए शृंगार के तौर पर चढ़ाई जाने वाली रुद्राक्ष की माला बेचने वाले अन्य प्रदेशों से यहां आकर डेरा जमा चुके हैं। इनमें सबसे अधिक इंदौर से आने वाले बंजारा समाज के लोग हैं।
यह हैदराबाद व गुजरात से मोती,रुद्राक्ष की मालाएं लेकर आ रहे हैं। बुधवार को तवी डोगरा चौके से आगे फुटपाथ पर रुद्राक्ष व मोती, अंगूठी आदि बेच रही बंजारा समाज की महिला ने बताया कि कई परिवार यहां पर आकर अपनी जीविका चला रहे हैं।
महाकुंभ में मोनालिसा का जिक्र करने पर बोली कि वह हमारे परिवार की बेटी है और रिश्ते में उसकी भतीजी लगती है। नाम पूछने पर बताने से इंकार कर दिया। कहा पता नहीं कब कोई वायरल कर दे इसलिए डर लग रहा है। पूरे शहर में कम से कम 20 से 30 परिवारों के लोग डेरा जमा चुके हैं।