फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: आतंकी हमले के विरोध में शहरवासियों में आक्रोश, फूटा गुस्सा, सड़कों पर उतरे लोग

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू बंद को मिला जन समर्थन जगह-जगह हुए प्रदर्शन, पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी कर फूंके गए पुतले, एक ही मांग गुनाहगारों को मिले सजा
विज्ञापन

वेयरहाउस, सब्जी मंडी और कनक मंडी के साथ सभी बाजार बाजार रहे बंद
सड़कों पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किए गए

अमर उजाला ब्यूरो

जम्मू। पहलगाम में आतंकी हमले के विरोध में बुधवार को जम्मू में लोगों में उबाल रहा है। आक्रोश जताते हुए लोगों ने सड़कों और चौक-चौराहों में टायर जलाए और पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। शहरभर में जगह-जगह प्रदर्शन और रैलियां निकाली गईं।
साथ ही प्रदेश की सबसे बड़ी अनाज मंडी के अलावा सब्जी मंडी, फल मंडी, कनक मंडी सहित अन्य बाजार बंद रखे गए। शहरभर में सुबह से दोपहर बाद तक विरोध का सिलसिला जारी रहा। जम्मू बंद को पूर्ण रूप से जन समर्थन मिला। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में गुनाहगारों को सजा देने की मांग की।
विज्ञापन


ट्रेडर्स फेडरेशन वेयरहाउस नेहरू मार्केट के कारोबारियों ने पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में रैली निकालकर तवी पुल को बंद किया। इस दौरान वाहनों की आवाजाही को ठप रखा गया। उन्होंने कहा कि अगर विरोध में और भी बंद का समर्थन करना पड़े तो वे पीछे नहीं हटेंगे।
फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने कहा कि ऐसे हमलों के जवाब को लेकर अब केंद्र को गंभीरता से सोचना चाहिए। बेकसूर लोगों को मौत के घाट उतारा गया है। पहले भी कश्मीर घाटी में हिंदुओं पर आतंकी हमले हो चुके हैं। पूरा देश सदमे में हैं। लोगों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। प्रदर्शन में धीरज महाजन, अभिमन्यु गुप्ता, राहुल गुप्ता, नितिश गुप्ता आदि शामिल रहे।

विभिन्न संगठनों का विरोध, नारेबाजी
ऑल पार्टीज सिख कोऑर्डिनेशन कमेटी (एपीएससीसी) के चेयरमैन जगमोहन सिंह रैना ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की गहन जांच होनी चाहिए। ऑल जम्मू होटल एंड लगेज एसोसिएशन के प्रधान पवन गुप्ता ने पहलगाम में आतंकी हमले को नरसंहार बताया है। धर्म पूछकर आतंकियों ने निर्दोष लोगों को मौत के घाट उतारा है। चैंबर ऑफ ट्रेडर्स फेडरेशन (सीटीएफ) के अध्यक्ष नीरज आनंद के नेतृत्व में सदस्यों ने जम्मू के ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह पार्क में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। संग्राम सेना के अध्यक्ष राजेश रैना ने कहा कि सरकार को आतंकवाद के खात्मे के लिए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। इस दौरान रवि ठाकुर, सरपंच कामिनी, नरेंद्र कुमार, रंजीत सिंह और अन्य मौजूद रहे।
नानक नगर शाॅपकीपर एसोसिएशन के सदस्यों ने नानक नगर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की। शहर के वार्ड 56 गंग्याल के स्थानीय लोगों ने जम्मू के पूर्व डिप्टी मेयर एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बलदेव सिंह बलोरिया के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। डोगरा राजघराने के वंशज मार्तंड सिंह ने आतंकी हमले की निंदा की है। डोगरा सदर सभा (डीएसएस) के अध्यक्ष गुलचैन सिंह चाड़क ने कहा कि पड़ोसी देश पाक लगातार भारत में हालात खराब करने की कोशिश कर रहा है। इस मौके पर उपाध्यक्ष कर्नल करण सिंह, महासचिव एचसी जलमेरिया, अब्दुल मजीद, गंभीर सिंह चाढ़क मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रेस क्लब के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसमें अमित कपूर, यासीर मट्टू आदि शामिल हुए।शूरवीर संगठन से प्रताप सिंह जम्वाल ने कहा पाकिस्तान भारत में अशांति पैदा करने की लगातार कोशिश कर रहा है।



युवा राजपूत सभा ने पाकिस्तान के खिलाफ की नारेबाजी
पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में शहर के डोगरा चौक महाराजा हरि सिंह स्मारक स्थल पर बुधवार को युवा राजपूत सभा की ओर विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारे बाजी की। वहीं, शहर के रिहाड़ी बाजार एसोसिएशन ने सदस्यों ने क्षेत्र में पाकिस्तान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर 55 के पूर्व पार्षद प्रीत्तम सिंह के साथ क्षेत्रवासियों ने प्रदर्शन कर टायर जलाए और नारेबाजी की। वार्ड नंबर 28 के पूर्व पार्षद गौरव चोपड़ा ने बख्शी नगर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की है।

बजरंग दल व अन्य ने जताया रोष
बजरंग दल और अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की प्रदेश इकाई ने पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ रोष व्यक्त किया है। जिला इकाई अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि निर्दोष लोगों को मारा गया, यह सहन नहीं होगा। रेजीडेंसी रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष पूजा कपूर ने कहा कि आतंकी हमला निंदनीय है।


कनक मंडी में प्रदर्शन
अग्रवाल सभा के सचिव अनूप मित्तल की ओर से कनक मंडी में प्रदर्शन किया गया और आतंकियों पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि पहले भी इस तरह की घटनाएं होती रही हैं। अब समय आ गया कि आतंक के सफाए के लिए सब एक साथ आए। पुरानी मंडी, गुम्मट बाजार, डोगरा चौक, तवी पुल सहित कई स्थानों पर प्रदर्शन हुए।



कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान का पुतला जलाया
शहीदी चौक स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पाकिसतान के पुतले को आग के हवाले किया गया। पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ हम एकजुट हैं। आतंकवाद को कड़ाई से खत्म किया जाना चाहिए। मानवता के दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाए। प्रदर्शन में पार्टी के विभिन्न विंगों के सदस्यों, कार्यकर्ताओं के साथ विकार रसूल वानी, चौधरी लाल सिंह, रवींद्र शर्मा, योगेश साहनी, ठाकुर मनमोहन सिंह, रिकी डलोत्रा आदि शामिल रहे।


-

भाजपा की शहर में रैली, पुरानी मंडी में धरना
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह प्रदर्शन किए। पुराने शहर में ब्राह्मणा सभा के बाहर से कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली, जो परेड, पुरानी मंडी, सिटी चौक, रघुनाथ बाजार, हरि मार्केट, हरि सिंह पार्क आदि जगहों से निकली। पुरानी मंडी चौक पर धरना देते हुए विधायक युद्धवीर सेठी ने कहा कि आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने केंद्र सरकार से आतंकी तत्वों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने पर जोर दिया। पार्टी विधायकों विधायकों और जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में पूरे क्षेत्र में कई स्थानों पर आतंकवादी कृत्य के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई।
-

जानीपुर में कांग्रेस का कैंडल मार्च
जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस समिति के उपाध्यक्ष व जम्मू ग्रामीण के प्रभारी जिला अध्यक्ष हरि सिंह चिब के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार की शाम को जम्मू उत्तर विधानसभा क्षेत्र में जानीपुर पुलिस स्टेशन के पास कैंडल मार्च निकाला। वक्ताओं ने पहलगाम आतंकी हमले का विरोध करते हुए दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सोमनाथ शर्मा, सुरिंदर कुमार, एचएस बागी आदि मौजूद रहे।

-
डोगरा चौक पर चैंबर का विरोध
जम्मू। चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री जम्मू के सदस्यों ने पंडित प्रेमनाथ डोगरा चौक पर पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सिविल सोसायटी के अलावा बाजार एसोसिएशन, राजपूत सभा, बार एसोसिएशन, आल जेएंडके ट्रांसपोर्ट वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान आतंकवाद और पाकिस्तान के पुतले को आग के हवाले किया गया। चैंबर अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने आतंकियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को सर्जिकल स्ट्राइक सहित अन्य कठोर कदम उठाने चाहिए। आगामी अमरनाथ यात्रा को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाया जाए।
विज्ञापन

-
जीएमसी में डाक्टरों ने कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि
जीएमसी जम्मू में डाक्टरों ने अस्पताल परिसर से सड़क तक कैंडल मार्च निकाल पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी। रेजीडेंट डाक्टर एसोसिएशन के सदस्यों ने मांग की है कि आतंकवाद के खिलाफ सख्ती से निपटा जाए। जीएमसी के एचओडी, संकाय सदस्यों, अधिकारियों और अन्य स्टाफ ने आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखा। वहीं, हिंदू शिव सेना के अध्यक्ष कृष्ण मन्हास ने जम्मू बंद को समर्थन किया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए। पाकिस्तान को कड़ाई से सबक सिखाया जाए। आल जम्मू कश्मीर पंचायत कान्फ्रेंस के अध्यक्ष अनिल शर्मा ने कहा कि यह मानवता पर आतंकी हमला है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें