महिलाओं को कानूनी पहलुओं पर जागरूक करते हुए ... मिशन शक्ति
मिशन शक्ति संकल्प जम्मू की ओर से आंगनबाड़ी केंद्र नगरोटा में हुआ कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय पहल के तहत मिशन शक्ति संकल्प जम्मू की ओर से सोमवार को आंगनबाड़ी केंद्र नगरोटा में एक कार्यक्रम हुआ। इसमें महिलाओं को अधिकारों और लैंगिक समानता के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
विशेषज्ञ अधिवक्ता किरण ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित सत्र में पीसीपीएनडीटी अधिनियम के कानूनी प्रावधानों के बारे में बताया गया। इसमें लिंग निर्धारण न करने पर जोर दिया गया। मिशन शक्ति संकल्प जम्मू ने महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी व उनका लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान बेबी किट भी वितरित की गईं।
जिला मिशन समन्वयक मिशन शक्ति शगुन मनचंदा ने प्रतिभागियों को राज्य विवाह सहायता योजना (एसएमएएस), लाडली बेटी, प्रधान मंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई), वृद्धावस्था पेंशन, विधवा और विकलांगता पेंशन, पीएमईजीपी, तेजस्विनी आदि पहलों के बारे में बताया। कार्यक्रम में मिशन शक्ति संकल्प के अधिकारी, स्वास्थ्य पोषण मोबिलाइजर नाजिया चौधरी आदि मौजूद रहे।