लोन फरद काटने के लिए कर रहा था रिश्वत की मांग, एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने की कार्रवाई
अरनिया ब्लॉक की पचेल पंचायत के गांव कूल खुर्द का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अरनिया में एक पटवारी को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अरनिया ब्लॉक की पंचायत पचेल के अंतर्गत गांव कूल खुर्द में हुई है। आरोपी की पहचान नावेद अहमद के रूप में हुई है।
सूचना के बाद कार्रवाई करते हुए टीम ने रिश्वत के पैसों के साथ पटवारी सड़क पर रोक लिया। उसने रिश्वत के पैसे सड़क पर फेंक दिए। टीम ने पैसे एकत्र कर आरोपी के हाथों की जांच कर पुष्टि की है। एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम दोपहर 3:00 बजे से लेकर रात 9:00 बजे तक अरनिया में पटवारी नावेद अहमद से पूछताछ करती रही है। कार्रवाई के बाद टीम ने पटवारी का मेडिकल करवाने के बाद थाने पहुंचाया।
एंटी करप्शन ब्यूरो को गांव कूल खुर्द के निवासी रामपाल सैनी ने पटवारी पर एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत दी थी। इसमें बताया कि घर बनाने के लिए उसने लोन के लिए अप्लाई किया है। इसमें पटवारी फर्द नहीं काट रहा था। पटवारी से जब पूछा गया तो उसने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायत के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो ने एक सप्ताह से पटवारी को सर्विलांस पर लिया था।
शिकायतकर्ता रामपाल सैनी को रिकॉर्डर दिया गया था। इसमें रामपाल सैनी और पटवारी के बीच की सारी बात रिकॉर्ड होती रही है। एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से आरोपी के पैतृक गांव में भी दबिश दी है।