श्रीनगर। यूथ माई प्राइड अभियान के तहत रविंदर पाल सिंह की स्मृति में श्रीनगर के पोलो ग्राउंड के एस्ट्रोटर्फ पर सोमवार को हॉकी के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। जीएनएन हॉकी क्लब जम्मू और आजाद हॉकी क्लब श्रीनगर ने सेमीफाइनल मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा। इस प्रतियोगिता का आयोजन जम्मू एंड कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल के सहयोग से किया जा रहा है।
सोमवार को पहला सेमीफाइनल मैच बीबीएसबी हॉकी क्लब पुंछ और जीएनएन हॉकी क्लब जम्मू के बीच हुआ। नाटकीय शूटआउट के जरिए हुए फैसले में जम्मू ने पुंछ को 5-4 से हराया। मैन ऑफ द मैच राजवीर सिंह रहे, जिनके दृढ़ निश्चय ने उनकी टीम को जीत दिलाई।
दूसरे सेमीफाइनल में बादल हॉकी क्लब श्रीनगर ने श्यामलाल हॉकी क्लब पुंछ को एक रोमांचक मैच में 3-2 से हराया।
शानदार गोलकीपिंग की बदौलत बादल हॉकी क्लब ने कड़े मुकाबले को जीता। मैन ऑफ़ द मैच तरनदीप सिंह रहे।
बुधवार को पोलो ग्राउंड के एस्ट्रोटर्फ पर फाइनल मुकाबले के अलावा तीसरे स्थान के निर्धारण के लिए भी मैच खेला जाएगा।
बुधवार को दोपहर 2 बीबीएसबी हॉकी क्लब पुंछ बनाम श्यामलाल हॉकी क्लब पुंछ के बीच तीसरे स्थान के लिए मैच खेला जाएगा। वहीं फाइनल मैच दोपहर 3:30 बजे बादल हॉकी क्लब श्रीनगर और जीएनएन हॉकी क्लब जम्मू के बीच खेला जाएगा। फाइनल मुकाबले के बाद समापन समारोह में पुरस्कार वितरण किया जाएगा।