जम्मू-कश्मीर में इलेक्ट्रिक बसों को सड़कों पर दौड़ाने के लिए प्रयास तेज हो रहे हैं। बसों का समय पर परिचालन और अन्य ढांचे को विकसित करने के लिए जम्मू-कश्मीर स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन ने तैयारी शुरू कर दी है।
इस कड़ी में बसों के चार्जिंग के लिए शहर स्थापित होने वाले चार्जिंग प्वाइंट (स्टेशन) की कार्यप्रणाली को देखने और समझने के लिए कॉर्पोरेशन की टीम टाटा मोटर के प्लांट का दौरा करेगी। टीम इसी सप्ताह प्लांट के दौरे पर जाएगी, जिसमें तकनीकी जानकारियों को वह नजदीकी से समझेगी।
राज्य में चलने वाले इलेक्ट्रिक बसों के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर चार चार्जिंग प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। 72 लाख की लागत से यह चार चार्जिंग प्वाइंट बनाए जाएंगे। इसके लिए टाटा मोटर के विशेषज्ञों की टीम मार्च में राज्य का दौरा कर इन अंतिम मोहर लगाएगी। इससे पहले एसआरटीसी की टीम टाटा के प्लांट का दौरा करेगी।
गौरतलब है कि जम्मू और श्रीनगर शहर में 20-20 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जानी है। अप्रैल माह तक बसे कॉर्पोरेशन के बेडे़ में शामिल होगी। एसआरटीसी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बसों को लाने और उनके परिचालन की पूरी प्रक्रिया को समय रहते पूरा करने का लक्ष्य से यह दौरा है।