कठुआ जिले की विश्व प्रसिद्ध बसोहली पेंटिंग को जीआई टैग(भौगोलिक संकेत) मिल गया है। राष्ट्रीय कृषि एव ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की ओर से मंजूरी दिये जाने के बाद यह उपलब्धि हासिल हुई है। जीआई टैग बौद्धिक संपदा अधिकार का एक रूप है, जो एक विशिष्ट भौगोलिक स्थान से उत्पन्न होने वाले और उस स्थान से जुड़ी विशिष्ट प्रकृति, गुणवत्ता और विशेषताओं वाले सामान की पहचान करता है।
नाबार्ड ने दिसंबर 2020 में कोविड के दौरान जम्मू क्षेत्र के नौ उत्पादों की जीआई टैगिंग की प्रक्रिया को हस्तशिल्प और हथकरघा विभाग के परामर्श से शुरू की थी। अब लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद इन उत्पागों को जीआई टैग मिला है। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ट्विट कर देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को बधाई दी है।
31 मार्च 2023 को जीआई टैग प्राप्त करने वाले 33 उत्पादों की सूची में जम्मू-कश्मीर के उत्पादों को शामिल किया गया है। जीआई पंजीकरण के इतिहास में पहली बार जम्मू क्षेत्र को हस्तशिल्प के लिए जीआई टैग मिला है। कठुआ जिले की बसोहली पेंटिंग जम्मू संभाग का पहला स्वतंत्र जीआई टैग उत्पाद है।
यह अब केवल अधिकृत उपयोगकर्ता के पास इन उत्पादों के संबंध में भौगोलिक संकेत का उपयोग करने का विशेष अधिकार होगा। अब कोई व्यक्ति अपने भौगोलिक क्षेत्रों से बाहर इसकी नकल नहीं कर सकता है। यह तीसरे पक्ष द्वारा पंजीकृत भौगोलिक संकेतक उत्पादों के अनधिकृत उपयोग को रोकने के साथ इनके निर्यात को बढ़ावा देगा।
इन उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलेगा। इससे देश के सकल घरेलू उत्पाद में योगदान के साथ उत्पादकों और संबंधित हितधारकों की आर्थिक समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।
नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक डॉ. अजय कुमार सूद ने यूटी सरकार के संबंधित विभागों, जीआई आवेदक संगठनों और विशेष रूप से उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के कुशल नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। जीआई टैग के बाद विकास परियोजनाओं को अब उत्पाद के लिए प्रशिक्षण व क्षमता निर्माण, ब्रांड निर्माण, विपणन क्षमता में सुधार के लिए लिया जाएगा।
बसोहली क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण: डॉ. जितेंद्र
केंद्रीय मंत्री डाॅ. जितेंद्र सिंह ने बसोहली पेंटिंग को जीआई टैग मिलने पर इसे पूरे बसोहली क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया है। आकर्षक रंगों और गहरे सेट वाले चेहरे के पैटर्न के लिए जानी जाने वाली यह अनूठी पेंटिंग अब विश्व स्तर पर अधिक प्रमुखता प्राप्त करेगी।