जिला विकास परिषद चुनाव के तीसरे चरण में 50.53 फीसदी मतदान हुए। शुक्रवार को 33 सीटों पर वोटिंग हुई, इनमें 16 सीटें कश्मीर में और 17 सीटें जम्मू संभाग में हैं। इन सीटों पर 305 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 53 महिला उम्मीदवार और 252 पुरुष उम्मीदवार हैं।
वहीं वोट डालने के बाद शरणार्थी के रूप में पाकिस्तान से आए लोगों ने जश्न मनाया। इस दौरान एक मतदाता ने कहा कि यह 70 से अधिक वर्षों में पहली बार है जब हमने स्थानीय निकाय चुनावों में मतदान किया। हम लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर खुश हैं।
मतदान के दौरान बंदूकधारियों ने दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में डीडीसी उम्मीदवार अनीस-उल-इस्लाम पर गोलीबारी की। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। वहीं हमले के तुरंत बाद हमलावरों को पकड़ने के लिए पूरे इलाके को घेर कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (डीडीसी) के तीसरे चरण के चुनाव को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। वहीं जम्मू के चक जाफर में एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की काफी बड़ी लाइन लगी दिखाई दी।