दो दिन के बाद मंदिरों के शहर में पर्यटन कारोबार से जुड़े दिग्गज पहुंचेंगे। पहली बार जम्मू में इंडिया ट्रेवल मार्ट 12 से 14 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है। इतने बड़े स्तर पर पहली बार रियासत में आयोजन हो रहा है। जम्मू को देश-विदेश में स्वतंत्र पर्यटन के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से इसका आयोजन किया जा रहा है।
ट्रेवल मार्ट में देश के हर राज्य से ट्रेवल एसोसिएशन, हर एक राज्य के पर्यटन उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी। तीन दिन तक पर्यटन कारोबारी राज्य के पर्यटन स्थलों पर मंथन करेंगे। गेस्ट हाउस में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट का मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती उद्घाटन करेंगी। पर्यटन विभाग की निदेशक सुषमा चौहान का कहना है कि जम्मू में पहली बार इतने बड़े और इस तरह का आयोजन हो रहा है।
पूरे देश से ट्रेवल ट्रेड से जुड़े लोग इसमें आएंगे। इन लोगों को जम्मू के पर्यटन स्थलों की सैर कराई जाएगी। पूरे खित्ते की जानकारी दी जाएगी, ताकि यह लोग वापस जाकर अपने राज्यों में जम्मू के पर्यटन स्थलों का प्रचार करें। अपने टूर पैकेज में जम्मू को भी शामिल करें। जम्मू के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे कारोबारियों को जानकारी दी जाएगी।