भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर आतंकी खराब मौसम की आड़ लेकर घुसपैठ की फिराक में हैं। रक्षा सूत्रों के अनुसार भारत-पाक सीमा पर पाकिस्तान की ओर से सीमा क्षेत्र सरकंडे से भरा हुआ है। ऐसे में सुरक्षाबलों के लिए भी इन घनी झाड़ियों में हलचल को भांप पाना आसान नहीं है। हालांकि, सुरक्षाबल पूरी मुस्तैदी से लगातार नजर रख रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार सीमा की ओर बहने वाली नदी नालों में घना सरकंडा उग चुका है। खराब मौसम में सीमा की निगरानी करने में भी सुरक्षाबल के जवानों को दिक्कतें बनी रहती हैं। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी सेना की ओर से एक बार फिर से घुसपैठ के पुराने मार्ग इस्तेमाल में लाए जाने की योजना बनाई जा रही है।
गत दिनों सीमा क्षेत्र में घना कोहरा व धुंध छाए रहने पर ही दो स्थानों पर वॉकी-टॉकी के संदेश पकडे़ गए थे। वहीं हीरानगर में एक मंदिर पर हुए ग्रेनेड हमले से भी सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान के लांचिंग पैड पर आतंकियों की मौजूदगी है। सीमा पर मौसम खराब होने पर आतंकियों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कराए जाने की इनपुट भी सुरक्षा एजेंसियों के पास हैं।