फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Terrorist Attack: आतंकियों ने AK-47 से भाजपा के पूर्व सरपंच पर की अंधाधुंध फायरिंग... दंपती को सटाकर मारी गोली

Sun, 19 May 2024 10:50 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

दक्षिण कश्मीर में शुक्रवार की रात आतंकियों ने दो हमले कर भाजपा के एक पूर्व सरपंच की हत्या कर दी और राजस्थान के एक पर्यटक दंपती को घायल कर दिया। पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया है।
विज्ञापन
Terrorist Attack - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अनंतनाग सीट पर चुनाव से एक सप्ताह पहले आतंकियों ने दक्षिण कश्मीर में शनिवार की रात एक घंटे के भीतर दो स्थानों पर हमले किए। इसमें शोपियां में भाजपा के एक पूर्व सरपंच की घर में घुसकर हत्या कर दी तो पहलगाम घूमने आए राजस्थान के एक पर्यटक दंपती को घायल कर दिया। 
विज्ञापन


घटना के बाद दोनों इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। कई स्थानों पर रात में सुरक्षा बलों ने दबिश भी दी। ज्ञात हो कि यह हमला बारामुला सीट पर चुनाव से दो दिन पहले हुआ है। बारामुला में 20 और अनंतनाग में 25 मई को मतदान होना है। अनंतनाग में पहले सात मई को चुनाव होना था।

पुलिस के अनुसार शोपियां जिले के हीरपोरा गांव में रात लगभग साढ़े 10 बजे आतंकी पहुंचे। वह भाजपा के पूर्व सरपंच एजाज अहमद शेख के घर में जबरन घुस गए। उन्होंने एजाज को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। बताते हैं कि एके 47 राइफल की उन्हें सात से आठ गोलियां लगी थीं।
विज्ञापन


फायरिंग करने के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। इसके बाद परिवार वालों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इससे पहले रात लगभग साढ़े नौ बजे दहशतगर्दों ने पहलगाम के पास यन्नर में दरिया किनारे बने कैंपिंग साइट के बाहर बैठे राजस्थान के जयपुर की दंपती फरहा और तबरेज पर हमला किया।

दोनों को पास से गोली मारने के बाद आतंकी मौके से भाग निकले। दंपती को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है। फायरिंग होते ही अन्य पर्यटक भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तथा सुरक्षा बलों ने मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया। दोनों स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस लोगों से पूछताछ के आधार पर आतंकियों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।

कैंपिंग साइट पर हमला होते ही मचा हड़कंप
कैंपिंग साइट पर हमला होते ही गोलियों की आवाज से वहां हड़कंप मच गया। वहां मौजूद अन्य पर्यटक अपनी जान बचाने के लिए अपने अपने तंबुओं में घुस गए। पर्यटकों में काफी खौफ रहा। सुरक्षा की दृष्टि से वहां सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है।

चुनाव से पहले दहशत फैलाने की साजिश
हालांकि, हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है, लेकिन माना जा रहा है कि यह लश्कर-ए-ताइबा के टीआरएफ की साजिश हो सकती है। हमले को चुनाव से पहले दहशत फैलाने की साजिश के रूप में देखा जा रहा है ताकि स्थानीय लोगों में डर का माहौल बने और वह चुनावी प्रक्रिया से दूर रह सकें। इसके साथ ही पर्यटकों में भी खौफ पैदा करने की साजिश के हिस्से के रूप में इसे देखा जा रहा है।

अप्रैल में भी आतंकियों ने कर दी थी प्रवासी रेहड़ी वाले की हत्या
इससे पहले आतंकियों ने 17 अप्रैल को अनंतनाग के बिजबिहाड़ा में बिहार के रेहड़ी वाले राजा शाह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पकौड़े बेचने वाला राजा पिछले कई साल से बिजबिहाड़ा में रह रहा था। इससे पहले आठ अप्रैल को शोपियां में मुगलरोड पर स्थित एक रेस्टोरेंट में दिल्ली से दो विदेशी पर्यटकों को लेकर आए कैब चालक देहरादून निवासी दिलरंजीत सिंह को आतंकियों ने गोली मार दी थी।
 

नेकां-पीडीपी और भाजपा ने हमले की निंदा की
पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने यन्नर पहलगाम और हीरपोरा शोपियां में हुए आतंकी हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की है। दक्षिण कश्मीर में जहां अभी मतदान होना है, यह हमले चिंता का विषय है। नेकां उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कायरतापूर्ण हमले से जम्मू-कश्मीर में शांति पर गहरा असर पड़ता है। उन्होंने सभी समुदायों से आगे आकर चुनौतीपूर्ण समय में सौहार्द बनाए रखने में सहयोग की अपील की। भाजपा ने पूर्व सरपंच की हत्या की निंदा करते हुए कहा कि वह भाजपा के सच्चे सिपाही थे। पार्टी उनके परिवार के साथ खड़ी है।
विज्ञापन

शोपियां और अनंतनाग में दो अलग-अलग घटनाओं में आतंकवादियों ने भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी और एक कपल को गोली मार दी। बीजेपी नेता कविंद्र गुप्ता कहते हैं, कि चुनाव के दौरान लोगों को आतंकित करने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान से आए कई घुसपैठियों और उनके समर्थकों को मार गिराया है लेकिन जब इस तरह की घटना होती है तो बहुत दुख होता है।  जो राजनीतिक दल पाकिस्तान और अनुच्छेद 370 को फिर से लागू करने की बात करते हैं, वे भी इसके लिए कुछ हद तक जिम्मेदार हैं।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें