विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के झंडों तले 18 से 20 अगस्त तक जम्मू से पुंछ स्थित मंडी में बूढ़ा अमरनाथ देवस्थान तक सांकेतिक यात्रा होगी। विहिप के प्रांत मंत्री अभिषेक गुप्ता का कहना हैं कि कोरोना काल में श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा केवल तीन दिन की होगी। 2005 से बजरंग दल की तरफ से श्री बूढ़ा अमरनाथ यात्रा का आयोजन हर साल किया जा रहा हैं।
विज्ञापन
ऐसे में इस बार यात्रा 18 से 20 अगस्त तक होगी और पांच प्रदेशों से विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ता व सीमित संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल होंगे। जम्मू-कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और हरियाणा से भी लोग यात्रा में आएंगे। अभिषेक गुप्ता का कहना हैं कि इस यात्रा की तैयारियों पर आगे की चर्चा 31 जुलाई को विहिप की होने वाली प्रांतीय प्रबंध समिति की बैठक में होगी।
बैठक में श्री राम जन्मभूमि निधि समर्पण अभियान के बचे कूपन एवं सभी रसीद कटी अथवा बिना कटी और बैंक में जमा की गई राशि और चैक की रसीदों पर भी चर्चा होगी। 31 जुलाई और 1 अगस्त को होनी वाली बैठक इस बार उधमपुर में होगी।
इसमें जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अर्चक पुरोहित, मंत्री, सह मंत्री, संयोजक, संयोजिका, सत्संग प्रमुख, सेवा प्रमुख, आदि हिस्सा लेंगे। केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे एवं क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश खासतौर पर इस बैठक में हिस्सा लेंगे।