उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में बुधवार को सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में लश्कर ए ताइबा के एक आतंकी को मार गिराया। उसके पास से हथियार व गोला बारूद बरामद किए गए हैं। वह नागरिकों की हत्या समेत कई मामलों में शामिल रहा था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षाबलों को सोपोर के मीर मोहल्ला गुंड ब्रथ में मंगलवार देर रात को आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद सेना की 22 राष्ट्रीय राइफ ल्स (आरआर), सीआरपीएफ और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) के जवानों द्वारा इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान रात भर घेराबंदी रखी गई और सुबह सूरज की पहली किरण के साथ ही बुधवार तड़के दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया गया।
इस दौरान इलाके में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार इसमें एक स्थानीय आतंकी को मार गिराने में सफलता मिली। इसकी शिनाख्त बारामुला जिले के आरामपोरा के अदनान अहमद चन्ना के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार मारे गए आतंकी से 1 एके 56 राइफ ल, 3 एके मैगजीन, 10 एके गोलियां और 2 पाउच के अलावा अन्य कुछ समान बरामद हुआ है जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।
लश्कर में शामिल होने के एक महीने बाद ही मारा गया
मारा गया आतंकी अदनान इस साल 15 जून को आतंकी संगठन लश्कर-ए-ताइबा में शामिल हुआ था। इससे पहले भी वह आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा था। अधिकारी के अनुसार मारा गया आतंकी बारामुला में 30 मार्च को अर्जुमंद मजीद भट नामक स्थानीय की हत्या, 28 अप्रैल को सोपोर में एक स्थानीय फिरोज अहमद गोजरी पर फ ायरिंग के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को आतंकवाद में शामिल करने जैसे मामलों में शामिल था।
मोबाइल इंटरनेट व शिक्षण संस्थान बंद
इलाके में मुठभेड़ की खबर फैलते ही जिला प्रशासन द्वारा मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद करा दी गई। आस-पास के शिक्षण संस्थानों को भी बंद करा दिया गया। एहतियातन पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।