जम्मू जिला मजिस्ट्रेट अंशुल गर्ग ने राजभवन और नागरिक सचिवालय परिसर को नो फ्लाई जोन घोषित किया है। इन परिसरों के ऊपर तत्काल प्रभाव से ड्रोन और मानव रहित हवाई वाहनों (यूएवी) की उड़ान पर रोक लगा दी गई है।
गत दिनों तकनीकी एयरफोर्स स्टेशन जम्मू पर हुए ड्रोन हमले के बाद यह कदम उठाया गया है। आदेश के मुताबिक जब उपराज्यपाल कार्यक्रमों के आयोजन के संबंध में दौरा करने वाले हों तब जिला जम्मू के सभी संबंधित क्षेत्रों/स्थानों पर ड्रोन और यूएवी की उड़ान पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
यह भी पढ़े- जम्मू कश्मीर: पर्यटकों को आकर्षिक करने के लिए की जा रही कोशिश, इन जगहों को किया जाएगा विकसित
जानकारी के अनुसार सभी संबंधित व्यक्तियों को व्यक्तिगत नोटिस देना संभव नहीं है, जिससे सार्वजनिक तौर पर इसकी सूचना दी गई है। इस आदेश का एसएसपी सख्ती से अनुपालन करवाएंगे। आदेश में बताया गया कि यह कदम राष्ट्र विरोधी तत्वों द्वारा ड्रोन हमलों को अंजाम देने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से उठाया गया है। जिले की सुरक्षा मजबूत बनाने के लिए सभी उचित प्रबंध किए जा रहे हैं।