स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षाबलों की सख्ती से बौखलाए आतंकियों ने अपनी मौजूदगी का अहसास कराने के लिए सुरक्षाबलों पर हमले तेज कर दिए हैं। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के कोइमोह इलाके में शनिवार देर रात पुलिस पार्टी पर हुए ग्रेनेड हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान ताहिर खान शहीद हो गए। वह पुंछ जिले के रहने वाले थे। बीते दो दिन में पुलिस टीम पर यह तीसरा हमला है।
पुलिस ने ट्वीट कर बताया कि कोइमोह इलाके में पुलिस पार्टी को निशाना बनाकर आतंकियों ने ग्रेनेड से हमला किया। इसमें ताहिर खान नामक जवान घायल हो गया। बाद में इलाज के लिए अनंतनाग अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
इससे पहले शुक्रवार को अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की थी, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के एसपीओ गुलाम कादिर घायल हो गए थे। यह हमला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त नाका पार्टी पर किया गया था। इसके अलावा शनिवार को श्रीनगर के ईदगाह इलाके में शाम को आतंकियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाकर ग्रेनेड हमला किया। इसमें एक जवान घायल हुआ था।