स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार देर शाम राजोरी व श्रीनगर में शुरू हुई मुठभेड़ में शुरूआती फायरिंग में एक जवान घायल हो गया। एक आतंकी भी घायल हुआ है। दोनों जगह ऑपरेशन जारी है। पूरे इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर रखा है ताकि आतंकियों को भागने का मौका न मिल सके।
पुलिस ने बताया कि बाइक सवार आतंकियों ने नौहट्टा इलाके के रेडपोरा पार्क के पास सुरक्षा बलों की पार्टी को निशाना बनाकर फायरिंग की। इस दौरान सतर्क जवानों की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। शुरूआती फायरिंग में रामबन के बटोत का निवासी जवान सरफराज अहमद घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस बीच आतंकी घनी बस्ती में भाग निकले। यहां मकान बिल्कुल पास-पास होने की वजह से ऑपरेशन को सतर्कतापूर्वक अंजाम दिया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मौके से एक मोटरसाइकिल और एक एके 47 बरामद की गई है। घर-घर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
वहीं, राजोरी में बुद्धल के तरगायी इलाके में मुठभेड़ शुरू हो गई है। पिछले दिनों दरहाल के परगाल क्षेत्र में सेना की पोस्ट पर फिदायीन हमले के बाद से सुरक्षा बल तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग कर दी। देर रात रुक-रुक कर फायरिंग जारी थी। परगाल हमले के बाद से सेना व पुलिस बुद्धल, कंडी, दरहाल के इलाकों को खंगाल रही है। सेना और पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान रविवार शाम करीब 8 बजे सुजान के जंगली इलाके में आतंकियों ने फायरिंग कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए जबरदस्त फायरिंग की। एसएसपी राजोरी मोहम्मद असलम ने कहा कि मुठभेड़ जारी है। रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। जल्द ही ऑपरेशन अंजाम तक पहुंच सकता है।
सुजान के पास ही है लश्कर कमांडर तालिब शाह का घर
पिछले महीने पकड़े गए लश्कर कमांडर तालिब हुसैन शाह का घर सुजान के जंगल से कुछ ही दूरी पर है। कंडी के दराज का रहने वाला तालिब कंडी बुद्धल में आतंकवाद को जिंदा करने में लगा था। तालिब सुजान के जंगल क्षेत्र के चप्पे-चप्पे से वाकिफ है। ऐसे में माना जा रहा है कि सुजान के जंगल में छिपकर फायरिंग कर रहे आतंकी भी तालिब के आतंकी नेटवर्क का हिस्सा हैं।