सुरक्षाबलों ने संदिग्ध बॉक्स बरामद किया
- फोटो : एएनआई
घाटी में आतंकियों की दो साजिशों को नाकाम करते हुए सुरक्षा बलों ने सोमवार को विस्फोटकों के जखीरे के साथ प्लांट की गई आईईडी को बरामद किया। बड़े हादसे को अंजाम देने के दहशतगर्दों के मंसूबों पर पानी फेरने के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले कुपवाड़ा के एलओसी से सटे इलाके टंगधार में सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस की सतर्कता ने उन्हें एक बड़ी कामयाबी दिलाई। उनके द्वारा विस्फोटक बरामद किए गए जिन्हें आतंकी घाटी के आंतरिक इलाकों में पहुंचा कर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना चाहते थे।
सेना की 15वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल एमरॉन मौसवी ने बताया कि 4 अप्रैल की रात को इंटेलिजेंस एजेंसियों को इनपुट मिला था कि टंगधार स्थित जामिया मस्जिद के करीब विस्फोटकों का आदान-प्रदान किया जाना है। इसके आधार पर जम्मू कश्मीर पुलिस और सेना द्वारा अपने सर्विलांस ग्रिड को सक्रिय कर दिया गया। साथ ही कड़ी निगरानी रखी जाने लगी।
सोमवार को शाम करीब पौने पांच बजे टंगधार मुख्य बाजार में सेना के बम निरोधक दस्ते द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान प्लास्टिक एक्सप्लोसिव के 15 स्टिक्स बरामद किए गए। प्रवक्ता ने बताया कि यह विस्फोटक घाटी के आंतरिक इलाकों तक पहुंचाए जाने थे। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन के स्थानीय लोगों को परेशान नहीं किया गया।