पुलिस महकमे में तैनात पुलिस कर्मियों को भी सब इंस्पेक्टर भर्ती में हिस्सा लेने के लिए आयु सीमा में दो साल की छूट दी गई है। गृह विभाग की ओर से शुक्रवार को जारी आदेश के अनुसार सामान्य आवेदकों की तरह पुलिस कर्मी भी 30 के बजाय 32 वर्ष की आयु सीमा के साथ भर्ती में शामिल हो सकेंगे।
कोविड-19 के चलते भर्ती समय पर नहीं हो सकी थी। इसकी वजह से कई उम्मीदवारों की आयु 30 साल से अधिक हो गई। सामान्य उम्मीदवारों के लिए उपराज्यपाल ने आयु बढ़ाने की घोषणा की थी। अब पुलिस महकमे में तैनात पुलिस कर्मियों की आयु भी 32 वर्ष कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि सर्विस सिलेक्शन बोर्ड की ओर से 1200 पदों पर सब इंस्पेक्टरों की भर्ती होनी है। कोविड के चलते यह भर्ती अभी तक शुरू नहीं हो पाई है। इससे पहले उम्मीदवारों ने आयु बढ़ाने को लेकर मांग की थी। कड़े विरोध के चलते और मांग को लेकर सड़कों पर उतरे उम्मीदवारों की बात सुनते ही उपराज्यपाल ने आयु को 32 वर्ष कर दिया था।
अब गृह विभाग ने इस आयु को पुलिस महकमे में सेवारत कर्मियों पर भी लागू कर दिया है। कांस्टेबल और एसपीओ स्तर के कई कर्मी हैं, जिन्होंने सब इंस्पेक्टर के लिए आवेदन किया हुआ है।