ऑनलाइन शिक्षा की सही व्यवस्था न होने के कारण अब यह अभिभावकों के लिए सिरदर्द बनती जा रही है। कुछ निजी स्कूल कई बार शिकायत करने के बावजूद भी व्यवस्था को सुधार नहीं पाए हैं। इसका असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। इसे लेकर अभिभावक परेशान हैं।
कस्बे के एक पुराने निजी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ने वाले एक बच्चे के अभिभावकों ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि ऑनलाइन शिक्षा की व्यवस्था इस कदर खराब है कि कक्षा लगने के बावजूद बच्चों को पढ़ाई समझ नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि ऐप के जरिए जैसे ही क्लास शुरू होती है तो कुछ बच्चे या तो उनके बच्चे को क्लास से रिमूव कर देते हैं या फिर माइक डिसएबल कर देते हैं।
कई बार तो बच्चे शिक्षक का माइक डिसएबल कर देते हैं, जिसके बाद ग्रुप में ज्वाइन किसी भी बच्चे को शिक्षक की आवाज नहीं सुनाई देती है। इस समस्या की शिकायत कई बार स्कूल प्रबंधन से की, लेकिन कोई हल नहीं हुआ। ऑनलाइन क्लास के दौरान अगर शिक्षकों से बच्चे उन्हें रिमूव करने की शिकायत करते हैं, तो शिक्षक उल्टा उन्हीं को डांटते हैं।
उन्होंने कहा कि यह समस्या हमारे बच्चे को ही नहीं ग्रुप में शामिल अन्य बच्चों को भी हो रही है। वह भी रोजाना क्लास के दौरान शिक्षकों से इसकी शिकायत करते हैं। वहीं एक अन्य छात्र के अभिभावक ने भी बताया कि जब से ऑनलाइन क्लास चल रही है तब से ही यह दिक्कत आ रही है। स्कूल के प्रधानाचार्य से भी कई बार बात की लेकिन उन्होंने भी इसे गंभीरता से नहीं लिया है।
यह भी पढ़ें- कोरोना का कहर: मां की मौत के 20 दिनों बाद कोरोना ने छीन लिया पिता का साया
उन्होंने कहा हमारे लिए ऑनलाइन शिक्षा सिरदर्द बन चुकी है। क्लास लगने के बावजूद भी हमारे बच्चों की पढ़ाई नहीं हो रही, जबकि फीस हर महीने स्कूल समय पर ले लेता है। उन्होंने यह भी कहा कि सोमवार को कुछ अभिभावक इकट्ठा होकर स्कूल प्रबंधन से मिलेंगे। फिर भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इसकी शिकायत प्रशासन और संबंधित विभाग से करेंगे।
लिखित में दें शिकायत, जरूर की जाएगी कार्रवाई
हमने पहले भी कहा है कि ऑनलाइन शिक्षा देने में कोई स्कूल कोताही बरत रहा है, तो उसकी लिखित में शिकायत दें, कार्रवाई जरूर की जाएगी। अभी तक हमारे संज्ञान में इस तरह का कोई मामला नहीं आया है। अगर अभिभावक हमें लिखित में शिकायत देंगे, तो संबंधित विभाग के अधिकारियों को स्कूल पर कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। कोरोना महामारी के चलते बच्चों की पढ़ाई से कोई खिलवाड़ करे, इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।
- राकेश शर्मा, एसडीएम