जेएंडके पैरा मेडिकल/नर्सिंग काउंसिल, गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज जम्मू ने कोविड महामारी को देखते हुए सैकड़ों विद्यार्थियों को राहत देते हुए उनकी प्रैक्टिकल परीक्षाएं उन्हीं के संबंधित जिलों में करवाने का फैसला लिया है। इससे सैकड़ों विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। इससे पहले इन परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों को जम्मू के केंद्रों तक आना पड़ता था।
काउंसिल की ओर से 18 जून से प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू की जाएंगी और काउंसिल से मान्यता प्राप्त सरकारी/निजी पैरामेडिकल/नर्सिंग संस्थान जल्द परीक्षाओं के लिए अलग से डेटशीट जारी करेंगे। संबंधित केंद्रों में किन्हीं कारणों से न पहुंचने पर विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए अन्य विकल्प भी दिया जाएगा।
काउंसिल के शेड्यूल के मुताबिक कोविड प्रोटोकाल के तहत प्रतिदिन प्रत्येक केंद्र पर प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए 30-40 विद्यार्थी ही बुलाए जाएंगे। इससे पहले 150-200 तक विद्यार्थी साथ में परीक्षा देते थे। संबंधित जिलों में चरणबद्ध तरीके से परीक्षाओं को संपन्न किया जाएगा। इन परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए काउंसिल की ओर से संबंधित जिलों में पर्यवेक्षक और बाहरी एग्जामर भेजे जाएंगे।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में 4 साल की बच्ची को शिकार बनाने वाला तेंदुआ 11 दिन बाद पकड़ा गया