सतवारी एयरफोर्स स्टेशन के पास नागरिक एयरपोर्ट भी खतरे के घेरे में है। एयरपोर्ट के आसपास कई ऊंची-ऊंची इमारतें बन चुकी हैं। पिछले 20 सालों से एयरपोर्ट के आसपास की भौगोलिक स्थिति पूरी तरह से बदल चुकी है। यहां कश्मीर, रोहिंग्या और कई अन्य देशों के नागरिकों ने आकर अपना डेरा जमा रखा है। साथ ही कई चार मंजिला तक इमारतें बन चुकी हैं। यहां से एयरपोर्ट पर खड़े विमानों को आसानी से देखा जा सकता है और रनवे तक नजर में आता है। यह एक बड़ा खतरे का संकेत है।
सेना के रिटायर कर्नल वीके साही का कहना है कि 30 साल पहले उन्होंने एयरपोर्ट के पास घर बनाया था। तब उन्हें दो मंजिला इमारत बनाने की ही अनुमति थी। लेकिन अब इसके आसपास कई ऊंची इमारतें बन चुकी हैं। यहां से एयरपोर्ट को साफ देखा जा सकता है। भौगोलिक स्थिति पूरी तरह से बदल चुकी है। लिहाजा इस पर गौर करने की आवश्यकता है। नहीं तो यह बड़ा खतरा साबित हो सकता है।