उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के आदेश के बाद सात माह बाद पुंछ-राजोरी को कश्मीर से जोड़ने वाली मुगलरोड को सभी प्रकार के वाहनों एवं लोगों की आवाजाही के लिए सोमवार से खोल दिया गया। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि अब कम से कम अगले चार पांच माह तक वह जरूरी काम के लिए मुगलरोड से कश्मीर आ जा सकेंगे।
गौरतलब है कि मुगलरोड को बर्फ हटाने के बाद मई माह में खोला गया था, परंतु कोरोना को देखते हुए मुगलरोड को केवल कश्मीर की तरफ से फलों से लदे ट्रकों और खाली तेल टैंकर और पुंछ-राजोरी से अस्पताल से कश्मीर के लिए रेफर किए जाने वाले मरीजों की आवाजाही के लिए खोला गया था। इसके चलते पुंछ-राजोरी के वह मरीज जो वर्षों के कश्मीर में कैंसर, हार्ट, किडनी जैसे गंभीर रोगों का उपचार करा रहे थे, उनकी और उनके परिजनों तथा उन लोगों की मुगलरोड को सभी के लिए खोलने की बार-बार मांग उठ रही थी, जिनके संगे संबंधी कश्मीर में रहते हैं।
प्रशासन की तरफ से मुगलरोड को सभी के लिए नहीं खोला जा रहा था। ऐसे में तीन दिन पूर्व उपराज्यपाल ने मुगलरोड और चिनाब वैली को कश्मीर से जोड़ने वाली सिंथनटाप रोड को पांच जुलाई से खोलने के आदेश जारी किए थे। इसके चलते सोमवार सुबह से ही जिले की तरफ से मुगलरोड पर सुरनकोट तहसील के बैहरामगल्ला नाके पर कश्मीर की तरफ जाने वाले लोगों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। जो सड़क खुलने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही सड़क को खोला गया तो सैकड़ों वाहन कश्मीर की तरफ दौड़ पड़े।
कश्मीर की तरफ जाने वाले वाहनों में सवार लोगों का कहना था कि आज लंबे इंतजार के बाद हमें कश्मीर जाने का मौका मिल रहा है। इसलिए हम काफी खुश हैं। हम राजोरी-पुंछ के लोगों का जम्मू के रास्ते कश्मीर जाना काफी मुश्किल होता है, क्योंकि जम्मू के रास्ते हमें कश्मीर पहुंचने में दो दिन लगते हैं और पैसे भी कई गुणा अधिक खर्च करने पड़ते हैं, जबकि मुगलरोड से हम चार घंटों में श्रीनगर पहुंच जाते हैं। पैसे भी कम लगते हैं।
उधर सबके लिए मुगलरोड खुलने पर डीएसपी ट्रैफिक पुंछ-राजोरी आफताब हुसैन शाह डीटीआई मुगलरोड मोहम्मद कासिम के साथ बैहरामगल्ला में मौजूद रहे और वाहनों की जांच के बाद उन्हें आगे जाने दे रहे थे। जबकि दोपहर बाद उन्होंने मुगलरोड पर पीर की गली तक दौरा कर सड़क का जायजा लिया। मुगलरोड पर यात्रा करने वालों का आह्वान किया कि वह यातायात पुलिस की तरफ से जारी एडवाइजरी की जानकारी प्राप्त करने पर ही यात्रा करें।