उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को घोर आतंकवाद प्रभावित दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने 40.86 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और 13.47 करोड़ रुपये की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं की आधार शिला रखी। मौके पर मौजूद अधिकारियों से उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्य समय सीमा के अंदर पूरे कर लिए जाएं। परंपरा को तोड़ते हुए जनता में विश्वास जताते हुए उपराज्यपाल हेलिकाप्टर की बजाए सड़क मार्ग से यहां पहुंचे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों के जीवन बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हर जिले में विकास कार्य तीव्र गति से कराए जाएंगे। अधिकारियों से कहा वह आम जनता की शिकायतों का ऑन द स्पॉट निवारण करें। लोगों से जुड़े रहें, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में टीम भावना और सामंजस्य स्थापित करें और लोगों के मुद्दों के प्रति संवेदनशील रहें।
उपराज्यपाल ने दौरे के दौरान कई प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की। पंच-सरपंचों और अन्य प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक भी की। जिन परियोजनाओं का उपराज्यपाल ने उद्घाटन किया वह अधिकांशत: सड़क से जुड़ी थीं। उपराज्यपाल ने पुलवामा के विकास परिदृश्य की समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं और पहलों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े अधिकारियों से तलब किए।